गौतमबुद्ध नगर के बड़े चेहरे कल अखिलेश यादव की साइकिल पर होंगे सवार

UP Vidhansabha Chunav 2022 : गौतमबुद्ध नगर के बड़े चेहरे कल अखिलेश यादव की साइकिल पर होंगे सवार

गौतमबुद्ध नगर के बड़े चेहरे कल अखिलेश यादव की साइकिल पर होंगे सवार

Tricity Today | प्रमेन्द्र भाटी और अतुल शर्मा

UP Assembly Election 2022 : उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसी सिलसिले में राजनीतिक दलों से आवाजाही और दलबदल भी शुरू हो गया है। जानकारी मिली है कि शुक्रवार की सुबह लखनऊ में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें गौतमबुद्ध नगर के कई बड़े चेहरे समाजवादी पार्टी का दामन थामने वाले हैं। इनमें कई लोग फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party), कांग्रेस (Congress) और बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) में काम कर रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अतुल शर्मा शुक्रवार की सुबह लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। आपको बता दें कि अतुल शर्मा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। एक समय में वह पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा के सबसे नजदीकी लोगों में थे। बाद में दोनों के बीच मनमुटाव हुआ। जिसके चलते अतुल शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया था। अब 6 वर्ष कि निष्कासन अवधि पूरी होने के बाद पिछले दिनों अतुल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी छोड़ने की विधिवत घोषणा की थी। शुक्रवार को वह समाजवादी पार्टी का दामन संभालेंगे।

इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट प्रमेन्द्र सिंह भाटी और जिले के कई वकील शुक्रवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट की गौतमबुद्ध नगर के वकीलों में अच्छी पकड़ है। आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर के ब्राह्मण समाज से कई बड़े चेहरे पिछले दिनों समाजवादी पार्टी का दामन थाम चुके हैं। अतुल शर्मा से पहले कांग्रेस के पुराने नेता पीतांबर शर्मा भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। इसके बाद करीब दो दशक तक बहुजन समाज पार्टी में काम कर चुके संजीव त्यागी ने भी समाजवादी पार्टी ज्वाइन की थी। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को अतुल शर्मा और पर प्रमेन्द्र भाटी एडवोकेट के साथ बड़ी संख्या में जिले के वकील और ब्राह्मण समाज के लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.