भाकियू कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर यमुना एक्सप्रेसवे पर जताया विरोध, कहा-‘महंगाई से मार रही सरकार’

गौतमबुद्ध नगर: भाकियू कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर यमुना एक्सप्रेसवे पर जताया विरोध, कहा-‘महंगाई से मार रही सरकार’

भाकियू कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर यमुना एक्सप्रेसवे पर जताया विरोध, कहा-‘महंगाई से मार रही सरकार’

Tricity Today | प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता

देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में आज भारतीय किसान यूनियन ने पूरे देश में प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। गौतमबुध नगर में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किसान यूनियन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी कई जगहों पर प्रदर्शन करने पहुंचे। भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अनित कसाना और नोएडा के अध्यक्ष परविंदर अवाना अगुवाई कर रहे थे। प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किया गया था। संगठन के मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने इस बारे में जानकारी दी।



संगठन के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारी आज सुबह 10:00 बजे सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने जेवर, यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर, ग्रेटर नोएडा, एनएच-58, जीटी रोड नई बस्ती मार्केट दादरी औक महामाया फ्लाईओवर नोएडा पहुंचे। सभी अपने-अपने वाहन से पहुंचे थे। साथ में विरोध जताने के लिए गैस सिलेंडर और दूसरे सामान लेकर गए थे। हालांकि भारतीय किसान यूनियन ने आज किसी तरह से चक्का जाम या रोड जाम नहीं किया। सभी मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से जारी रहा। पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क किनारे खड़े होकर प्रदर्शन करते रहे। 


इस मौके पर जिला अध्यक्ष अनित कसाना ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। केंद्र सरकार दामों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। इससे आम लोगों का जनजीवन चुनौती बन गया है। कोरोना महामारी की वजह से पहले से ही मजदूर वर्ग की हालत खराब है। ऐसे में रसोई गैस के दाम बढ़ाने से उनकी रोटी पर असर पड़ रहा है। ईंधन के दाम बढ़ने से खाद्यान्न-सब्जियों की कीमतें बढ़ रही हैं। इसकी सजा आम जनता को मिल रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.