भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा ने कोर्ट में सरेंडर किया, जेल भेजा गया

बुलन्दशहर : भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा ने कोर्ट में सरेंडर किया, जेल भेजा गया

भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा ने कोर्ट में सरेंडर किया, जेल भेजा गया

Tricity Today | भाजयुमो अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा ने बुजुर्ग और महिला को पीटा

बुलन्दशहर में भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) युवा मोर्चा के अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा ने सोमवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। करीब 3 हफ्ते पहले दीपक दुल्हैरा की एक वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें वो अपने ही गांव के एक बुजुर्ग और महिला से मारपीट करता दिखाई दे रहा था। इस मामले में दीपक दुल्हैरा समेत कई आरोपियों के खिलाफ सिकन्द्राबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। अभी तक दीपक दुल्हैरा फरार चल रहा था। सोमवार को दीपक दुल्हैरा ने अपने 6 साथियों के साथ सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने दीपक दुल्हैरा और उसके साथियों को जेल भेज दिया है।

दीपक और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लोगों ने सिकन्द्राबाद कोतवाली का घेराव किया था। हाथ में राइफल लेकर मारपीट करते बुलंदशहर के भाजयुमो अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। दरअसल, यह विवाद गांव में नाली को लेकर हुआ था। जिसमें दीपक दुल्हैरा ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग और महिला से मारपीट की थी।

गांव में नाली सफाई को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
आपको बता दें, सिकन्द्राबाद तहसील का दुल्हैरा गांव भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष दीपक दुल्हैरा का पैतृक गांव है। इस गांव में दो पक्षों के बीच नाली की सफाई को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मौके पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। दीपक दुल्हैरा इसी झगड़े में राइफल लेकर शक्ति प्रदर्शन करते दिखाई दिए। इस घटना के कई वीडियो ट्वीटर और फेसबुक पर वायरल हुए। वीडियो में दीपक दुल्हैरा ने अपने सिर पर गमछा बांध रखा था। वह सफेद कुर्ता और पायजामा पहने था। गांव की एक महिला और उसके साथ खड़े बुजुर्ग पर लातों और थप्पड़ों के प्रहार करते दिख रहा था।

दीपक दुल्हैरा और उसके 21 साथियों पर एफआईआर हुई
जब ग्रामीणों ने सिकन्द्राबाद कोतवाली में हंगामा किया तो दीपक दुल्हैरा और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। दीपक और उसके साथियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 452, 354, 147, 148, 323, 504 और 506 के तहत केस दर्ज हुआ था। यह धाराएं मारपीट, धमकी, जानलेवा हमला, घर में घुसकर हमला करना, महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और बलवा की हैं। दीपक दुल्हैरा और उसके 21 साथियों को इस केस में नामजद किया गया। इनके अलावा 30 से 40 अज्ञात हमलावर इस केस में शामिल बताए गए। पुलिस ने अब इस मामले में दीपक समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दीपक दुल्हैरा और उसके साथियों को जेल भेज दिया है।

गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा के करीबी
भाजयुमो अध्यक्ष दीपक शर्मा दुल्हैरा पूर्व केन्द्रीय मंत्री गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा के बेहद करीब माने जाते हैं। आपको बता दें कि बुलंदशहर जिले के दो विधानसभा क्षेत्र सिकन्द्राबाद और खुर्जा गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में शामिल हैं। इस इलाके में दीपक शर्मा दुल्हैरा डॉ.महेश के हनुमान कहे जाते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.