बॉलीवुड सितारों और औद्योगिक घरानों के नाम पर ठगी, गैंग ने हड़प लीं दर्जनों फॉर्च्यूनर और इनोवा कारें

Greater Noida : बॉलीवुड सितारों और औद्योगिक घरानों के नाम पर ठगी, गैंग ने हड़प लीं दर्जनों फॉर्च्यूनर और इनोवा कारें

बॉलीवुड सितारों और औद्योगिक घरानों के नाम पर ठगी, गैंग ने हड़प लीं दर्जनों फॉर्च्यूनर और इनोवा कारें

Google Image | थाना नॉलेज पार्क

Greater Noida : फिल्म इंडस्ट्री, बॉलीवुड सितारों और बड़े औद्योगिक घरानों में लग्जरी कारों को किराए पर लगाने का झांसा देने वाले एक गिरोह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस गिरोह ने अब तक 25 से ज्यादा लोगों की फॉर्च्यूनर और इनोवा कार ले लीं। एक महीने तक उन्हें किराया दिया, बाद में धोखाधड़ी करके पीड़ितों की कारों को अलग-अलग जगह भेज दिया। इतना ही नहीं कारों को अवैध रूप से बेचना शुरू कर दिया।

जानिए पूरा मामला
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दीपक नागर, विक्रम सिंह और राहुल आदि ने थाना नॉलेज पार्क में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अखिल बंसल, गौरव भाटी, उत्कर्ष श्रीवास्तव, हृदयेश चौहान और मनजीत आदि ने उनसे संपर्क किया। इन लोगों ने कहा कि वह लोग मुंबई फिल्म उद्योग और देश के तमाम बड़े औद्योगिक घरानों के लिए काम करते हैं। उन्हें किराए पर लग्जरी कारें मुहैया करवाते हैं। इन आरोपियों ने फॉर्च्यूनर और इनोवा कार की डिमांड की। पीड़ितों का आरोप है कि उनसे वादा किया गया कि प्रतिमाह 80 हजार से लेकर 1.10 लाख रुपये तक किराया मिलेगा।

अवैध रूप से कार बेच डालीं
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि एक महीने तक आरोपियों ने पीड़ितों को किराया दिया। उसके बाद इन्होंने किराया देना बंद कर दिया और उनकी कारों को अवैध रूप से बेचना शुरू कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कुछ कारों को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से बरामद किया है। पुलिस को शक है कि इन आरोपियों ने एनसीआर में सैकड़ों लोगों को अपने जाल में फंसाया है। इन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.