फिल्म सिटी से जेवर एयरपोर्ट तक पॉड टैक्सी चलाने के लिए दुनियाभर की कंपनियों में लगेगी होड़, जानिए क्यों

स्पेशल न्यूज़ : फिल्म सिटी से जेवर एयरपोर्ट तक पॉड टैक्सी चलाने के लिए दुनियाभर की कंपनियों में लगेगी होड़, जानिए क्यों

फिल्म सिटी से जेवर एयरपोर्ट तक पॉड टैक्सी चलाने के लिए दुनियाभर की कंपनियों में लगेगी होड़, जानिए क्यों

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

Jewar Airport : यमुना फिल्म सिटी (Yamuna Film City) से जेवर एयरपोर्ट तक चलने वाली पॉड टैक्सी (Pod Taxi Project) की तैयारी तेज हो गई है। यह पॉड टैक्सी चलाने के लिए दुनियाभर की कंपनियों के बीच होड़ रहेगी। यमुना अथॉरिटी ने डीपीआर बनाने वाली कम्पनी को अब बिड डॉक्यूमेंट तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। यमुना प्राधिकरण वैश्विक निविदा निकालकर विकासकर्ता कंपनी का चयन करेगा।

यमुना प्राधिकरण फिल्म सिटी और जेवर एयरपोर्ट के बीच पॉड टैक्सी चलाएगा। इसके अलावा नए शहर के सेक्टरों में भी पॉड टैक्सी ले जाने की योजना है। यह बेहद अत्याधुनिक हुए कम लागत वाली सार्वजनिक यातायात व्यवस्था होगी। यमुना प्राधिकरण ने इसके लिए भारत सरकार की कंपनी इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कारपोरेशन लिमिटेड से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करवाई है। कंपनी ने अपनी पूरी रिपोर्ट यमुना प्राधिकरण को सौंप दी है। इसमें योजना की फिजबिलिटी और प्रस्तावित लागत का आंकलन किया गया है। पॉड टैक्सी परियोजना के लिए अब बिड डॉक्यूमेंट तैयार कराए जा रहे हैं। बिड डॉक्यूमेंट पूरा होने में करीब एक महीने का समय लगेगा। डॉक्यूमेंट तैयार होने के बाद वैश्विक निविदा निकाली जाएगी। प्राधिकरण के अधिकारियों को उम्मीद है कि बेहतर डेवलपर मिलेगा।

पॉड टैक्सी को पहले दिन से 8 हजार यात्री मिलेंगे
यमुना अथॉरिटी से मिली जानकारी के मुताबिक पॉड टैक्सी का यह कॉरिडोर सेक्टरों को भी जोड़ेगा। 14.6 किलोमीटर के इस कॉरिडोर की डीपीआर तैयार हो गई है। इसमें 14 स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। पॉड टैक्सी का कॉरिडोर जमीन पर रहेगा। इसके लिए डबल ट्रैक बनेंगे। पॉड टैक्सी बैटरी से चलेगी। डीपीआर बताती है कि जिस दिन पॉड टैक्सी की शुरुआत होगी, उसके पहले दिन से रोजाना 8,000 यात्री मिलने शुरू हो जाएंगे। इस परियोजना पर 862 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसको पूरा करने में एक वर्ष का समय लगेगा।

पॉड टैक्सी लाइन से यह सेक्टर जोड़े जाएंगे
एयरपोर्ट और फ़िल्म सिटी के बीच लगभग 6.5 किलोमीटर का कॉरिडोर है। सेक्टरों को जोडने पर यह कॉरिडोर 14.5 किलोमीटर का हो गया। पॉड टैक्सी सेक्टर-21 के ट्रांसपोर्ट हब से शुरू होगी। यह कॉरिडोर सेक्टर 28, 29, 30,  31 और 32 तक जाएगा। जेवर एयरपोर्ट आने वाले लोग फिल्म सिटी तक पॉड टैक्सी का सफर कर सकेंगे। अगर किसी के पास फ्लाइट मिलने में 2 से 3 घंटे का समय है तो वह इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। यह एक तरह का एडवेंचर होगा। इसके अलावा फिल्म सिटी देखने के लिए आने वाले लोग भी इसका लुत्फ ले सकते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.