Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के गांव चक्रसैनपुर में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया है। वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। युवक के बड़े भाई की हत्या भी कुछ साल पहले दादरी कचहरी में दिन दहाड़े कर दी गई थी। बुधवार को इस हत्याकांड से चक्रसैनपुर गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी मिलने पर पुलिस गांव में पहुंचकर छानबीन कर रही है। डीसीपी ने बताया कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की 3 टीमें लगाई गई हैं।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली दादरी क्षेत्र के चक्रसैनपुर गांव में रहनव वाले अमित (30 वर्ष) पुत्र महिपाल सिंह पर बुधवार शाम हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना में घायल अमित को परिजन तत्काल ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर ने बताया कि अमित को 3 गोली लगी हैं। परिजनों ने बताया कि अमित की अभी शादी नहीं हुई थी और वह गांव में ही खेती करता था। करीब 6 महीने पहले भी आरोपियों ने अमित को गोली मार दी थी, जिसमें वह बच गया था। अमित का बड़ा भाई राका उर्फ अशोक की भी दादरी कचहरी में हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला है की मृतक अमित पर काफी आपराधिक मुकदमे दर्ज है। अमित पर जानलेवा हमला, बलवा, गुंडा अधिनियम समेत दर्ज 5 मुकदमे दर्ज है।
अमित की मां की मौत भी करीब डेढ़ महीने पहले मर चुकी हैं। पिता महिपाल भी पहले ही मर चुके हैं। इस तरह पूरा परिवार खत्म हो गया। डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। हत्यारों की तलाश में पुलिस के 3 टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।