ग्रेटर नोएडा में दिखेगा उत्तर प्रदेश की संस्कृति और व्यापार का महाकुंभ, यूपी के रंग, मनोरंजन के संग

यूपीआईटीएस 2024 : ग्रेटर नोएडा में दिखेगा उत्तर प्रदेश की संस्कृति और व्यापार का महाकुंभ, यूपी के रंग, मनोरंजन के संग

ग्रेटर नोएडा में दिखेगा उत्तर प्रदेश की संस्कृति और व्यापार का महाकुंभ, यूपी के रंग, मनोरंजन के संग

Tricity Today | Symbolic Image

Greater Noida News : उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और व्यापारिक क्षमता का अनूठा संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। जी हां, हम बात कर रहे हैं यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2024 (UP International Trade Show 2024) की, जिसका आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने जा रहा है। 'यूपी के रंग, मनोरंजन के संग' थीम के साथ यह पांच दिवसीय आयोजन न केवल व्यापार बल्कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बनने जा रहा है। 1.1 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस मेगा इवेंट में व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

अपनी संस्कृति की झलक दिखाएंगे
यूपीआईटीएस 2024 में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की झलक दिखाई देगी। ब्रज, पश्चिमांचल, अवध, रूहेलखंड, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कलाकार अपनी कला का जादू बिखेरेंगे। शिव तांडव और कथक नृत्य नाटिकाओं के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को प्रस्तुत किया जाएगा। मनोरंजन के क्षेत्र में भी यह आयोजन किसी से पीछे नहीं है। प्रसिद्ध गायक अंकित तिवारी, कनिका कपूर और पलाश सेन के यूफोरिया बैंड की प्रस्तुतियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगी। इसके अलावा, अतिथि देश वियतनाम के कलाकार भी अपनी संस्कृति की झलक दिखाएंगे।

यह दग्गज कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस आयोजन की पहुंच को और व्यापक बनाते हुए, आईसीसीआर के सहयोग से बोलिविया, रूस, बांग्लादेश, कजाकिस्तान, ब्राजील, वेनेजुएला और इजिप्ट के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक अनूठा मंच बनेगा। यूपीआईटीएस 2024 केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक ही सीमित नहीं है। इसमें व्यापारिक सम्मेलन, विचार मंच, लाइव उत्पाद प्रदर्शन, फैशन शो और लेजर शो भी आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन उत्तर प्रदेश को एक वैश्विक व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.