शहर में फैला लुटेरी दुल्हन का जाल, रिटायर्ड फौजी को बनाया निशाना

ग्रेटर नोएडा वालों! क्या आप भी देख रहे शादी के सपने : शहर में फैला लुटेरी दुल्हन का जाल, रिटायर्ड फौजी को बनाया निशाना

शहर में फैला लुटेरी दुल्हन का जाल, रिटायर्ड फौजी को बनाया निशाना

Tricity Today | Symbolic Photo

Greater Noida News : जिले में लुटेरी दुल्हन काफी ज्यादा सक्रीय होती जा रही है। जेवर कोतवाली क्षेत्र में लुटेरी दुल्हन के गैंग ने एक रिटायर्ड फौजी को निशाना बनाया। गिरोह ने शादी के नाम पर पीड़ित से लाखों रुपए के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान ठग लिए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। लुटेरी दुल्हन और उसके साथियों की तलाश जारी है।

ऐसे हुआ ठगी का शिकार
पीड़ित राजकुमार सिंह आर्मी से रिटायर्ड हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उनकी मुलाकात सुभाष नामक व्यक्ति से हुई, जो चाचली गांव का निवासी है। सुभाष ने राजकुमार की शादी मथुरा की रहने वाली प्रिया नामक महिला से तय कराई। बीते 12 जुलाई 2024 को प्रिया अपने परिवार के साथ राजकुमार के घर आई। उसके साथ उसकी मां सती, बहन हेमा और चाचा कान्हा भी थे। उन्होंने बताया कि प्रिया बेसहारा है और उसका विवाह राजकुमार से करना चाहते हैं। दोनों पक्षों के बीच रिश्ता तय हो गया।

शादी से पहले मांगे पैसे
रिश्ता पक्का करने के बाद प्रिया और उसके परिवार ने शादी की तैयारियों के लिए 30 हजार रुपए नगद की मांग की, जिसे पीड़ित ने उन्हें दे दिया। कुछ दिनों बाद प्रिया ने राजकुमार से फिर संपर्क किया और शादी की अन्य तैयारियों के लिए 80 हजार रुपए और मांगे, जो पीड़ित ने बिना किसी शक के दे दिए। 

10 लाख रुपये में वापस आएगी ससुराल
बीते 16 जुलाई 2024 को प्रिया और राजकुमार की शादी धूमधाम से हो गई। प्रिया उनके घर पर रहने लगी, लेकिन जब राजकुमार काम से बाहर गए तो प्रिया ने अपनी मां, चाचा और बहन के साथ मिलकर घर में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चुरा ली। उसके बाद वहां से भाग गई। कुछ समय बाद प्रिया ने फोन कर राजकुमार से कहा कि अगर वह 10 लाख रुपये देगा तो वह वापस ससुराल आ जाएगी।

प्रिया ने तीन-चार शादियां की
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह एक संगठित ठग गिरोह है। जिसमें प्रिया और उसका परिवार शामिल है। यह गिरोह पहले भी इसी तरह से कई लोगों से शादी कर ठगी कर चुका है। प्रिया ने पहले भी तीन-चार शादियां की हैं और हर बार अपने शिकार के घर से कीमती सामान के साथ नगदी चोरी कर फरार हो गई।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.