कागजों में सिमटी कार्रवाई की कमान, वैभव, यश के बाद अब कुणाल का कत्ल

नोएडा पुलिस नाकाम : कागजों में सिमटी कार्रवाई की कमान, वैभव, यश के बाद अब कुणाल का कत्ल

कागजों में सिमटी कार्रवाई की कमान, वैभव, यश के बाद अब कुणाल का कत्ल

Tricity Today | पुलिस आयुक्त ऑफिस

Greater Noida News : यूपी की हाईटेक नोएडा पुलिस अपहरण के बाद हत्या के मामले रोकने में नाकाम साबित हो रही है। हर अपहरण के बाद नोएडा पुलिस दावा करती है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। लेकिन पिछली तीन घटनाओं में अपहरण किए गए तीनों लोगों की हत्या कर दी गई। हाल ही व्यापारी के बेटे कुणाल शर्मा की हत्या हुई है। जिसके बाद से नोएडा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर अपराधों को रोकने का धम भरने वाली नोएडा पुलिस इन मामलों में नाकाम कैसे हो रही है। फिलहाल देखना होगा की नोएडा पुलिस कुणाल शर्मा की हत्या करने वाले अपराधियों को कब तक पकड़ पाती है। 

हर अपहरण के बाद तैयार हुई टीम, लेकिन नाकाम 
नोएडा में पिछले करीब चार महीने में तीन अपहरण हुए हैं। हर अपहरण के बाद नोएडा पुलिस ने बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया। दावा किया गया की हमारी आधा दर्जन टीमें तलाश में जुटी है। ये काम कर रही, वो काम कर रही है। लेकिन इसके बाद भी अपराधी मर्डर कर फरार हो जाते हैं और इसके बाद नोएडा पुलिस जागती है। लगता है नोएडा पुलिस की कागजों पर अपनी टीम तैयार करती है। वारदात हो जाने के बाद वो टीम कागज से बाहर निकलकर काम करती है। वैभव, यश और अब कुणाल के केस भी यह सब देखने को मिल रहा है। इस केस ने पुलिस के सभी दावों की पोल खोलकर रख दी है। 

तीनों केस में पुलिस ने बरती लापरवाही 
वैभव सिंघल, यश मित्तल और कुणाल शर्मा के केस में नोएडा पुलिस ने लापरवाही बरती है। वैभव सिंघल के परिजनों ने पुलिस टीम पर केस में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए  हंगामा किया था, कई दिनों तक धरना प्रदर्शन किया था। इसी तरह यश मित्तल की बहन ने भी नोएडा पुलिस पर कई आरोप लगाए थे। जबकि कुणाल शर्मा के परिजनों ने तो बीती शुक्रवार को थाना बीटा 2 को घेराव कर धरना प्रदर्शन किया था। तीनों ही केस में पुलिस की कार्यशैली पर मृतकों के परिजनों ने सवाल उठाएं थे। कुणाल की हत्या के बाद नोएडा पुलिस के अधिकारियों की नींद उड़ी हुई है। 

किस पर गिरेगी गाज, आखिर कौन है जिम्मेदार 
कुणाल शर्मा की अपहरण के बाद हत्या हो जाने पर नोएडा पुलिस सवालों के घेरे में है। आखिर इस हत्या का जिम्मेदार कौन है। आखिर किसकी लापरवाही की वजह से यह हत्या हुई है। यह तय है कि कुणाल की हत्या के बाद नोएडा पुलिस के किसी न किसी अधिकारी पर गाज गिरेगी। बस देखना यह होगा की वह अधिकारी कौन हो होगा। 

यह है पूरा मामला 
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा 2 क्षेत्र में एक व्यापारी के 15 साल के बेटे कुणाल का बुधवार के दोपहर 2:45 बजे अपहरण हुआ था। दिनदहाड़े व्यापारी के बेटे का अपहरण हो गया और पुलिस को पता तक नहीं चला। व्यापारी के परिजनों ने अनहोनी की आशंका जाहिर की थी, फिर भी जिले के जिम्मेदार पुलिस अधिकारी मजे से सोते रहे और इसका अंजाम अब परिजनों को भुगतना पड़ा है। 5 दिन पहले अपहरण हुए कुणाल की लाश बुलंदशहर में मिली है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.