वकीलों का नामांकन, अध्यक्ष मनोज और सचिव पद पर रजत शर्मा ने भरा पर्चा

बार एसोसिएशन चुनाव-2023 : वकीलों का नामांकन, अध्यक्ष मनोज और सचिव पद पर रजत शर्मा ने भरा पर्चा

वकीलों का नामांकन, अध्यक्ष मनोज और सचिव पद पर रजत शर्मा ने भरा पर्चा

Tricity Today | बार एसोसिएशन चुनाव-2023

Greater Noida News : जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर के वार्षिक चुनाव के विभिन्न पदों को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया का मंगलवार को अंतिम दिन है। बार चुनाव में संशोधित वोटर लिस्ट के अनुसार कुल 2174 वकील वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। बार अध्यक्ष और सचिव समेत सभी पदों के लिए 22 दिसंबर को मतदान होगा और देर शाम मतों की गणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
बार अध्यक्ष और सचिव पद के लिए नामांकन
बार रूम में बने निर्वाचन कार्यालय में मनोज भाटी (बोड़ाकी) ने अध्यक्ष पद और रजत शर्मा ने सचिव पद के लिए आज अपना नामांकन भरा। इससे पहले सोमवार को हुए नामांकन में अध्यक्ष पद के लिए प्रमेन्द्र भाटी बिसरख, उमेश भाटी देवटा और अलबेल सिंह भाटी ने अपना पर्चा भरा। वहीं, सचिव पद पर अजीत नागर, धीरेंद्र भाटी साकीपुर और उदाम सिंह खेड़ी ने अपना नामांकन भरा। इसके अलावा विभिन्न पदों के लिए अन्य प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने नामांकन पत्र भरे।
इन पदों पर होगा चुनाव
वकील अपने प्रतिनिधि कार्यकारिणी के रूप में आठ पदों के लिए मतदान के जरिए चुनाव करेंगे। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, सांस्कृतिक सचिव, सहसचिव प्रशासनिक, सहसचिव पुस्तकालय और कोषाध्यक्ष के साथ आठ पदों के लिए मतदान होगा। 
नामांकन और नाम वापसी
बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए 18 दिसंबर 2023 की सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और 19 दिसंबर की 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसी दिन प्रत्याशियों के आए नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक की जाएगी। शाम 3 से शाम 4 बजे तक नाम वापसी और 5 बजे प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मतदान और परिणाम
बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में विभिन्न पदों के लिए 22 दिसंबर की सुबह नौ बजे से दोपहर 1:30 बजे और आधे घंटे के लंच के पुन: 2 बजे से शाम 4 बजे तक मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। शाम 5 बजे से मतों की गणना के बाद परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.