दिसंबर से शुरू होगा पॉड टैक्सी का काम, प्रोजेक्ट बनाने के लिए कंपनी की तलाश शुरू

जेवर एयरपोर्ट के पास : दिसंबर से शुरू होगा पॉड टैक्सी का काम, प्रोजेक्ट बनाने के लिए कंपनी की तलाश शुरू

दिसंबर से शुरू होगा पॉड टैक्सी का काम, प्रोजेक्ट बनाने के लिए कंपनी की तलाश शुरू

Google Image | Pod taxi

Greater Noida News : जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास पॉड टैक्सी का काम दिसंबर से शुरू हो जाएगा। अगले 6 महीने के भीतर प्रोजेक्ट को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उम्मीद है कि वर्ष 2026 से पहले उत्तर प्रदेश के सबसे हाईटेक शहर गौतमबुद्ध नगर में पॉड टैक्सी का संचालन शुरू हो जाएगा। पॉड टैक्सी पीपीपी मॉडल पर बनाई जा रही है।

35 साल तक कंपनी करेगी संचालन
पॉड टैक्सी का संचालन करने वाली कंपनी से 7 साल तक यमुना प्राधिकरण के द्वारा कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। इसके बाद कंपनी से यमुना प्राधिकरण किराए के रूप में हिस्सेदारी लेगी। पॉड टैक्सी के निर्माण में आने वाली पूरी लागत कंपनी वहन करेगी। पॉड टैक्सी चालू होने से 35 साल तक का करार पूरा होने के बाद कंपनी के द्वारा संचालन यमुना अथाॅरिटी को हैडओवर कर दिया जाएगा।

ऐसी पॉड टैक्सी दुनिया में पहली होगी
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरूणवीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि यमुना सिटी में बनने वाली फ़िल्म सिटी और ज़ेवर के पास बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच सुगम आवागमन विकसित करने की योजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट भी शामिल है। भारत में पहली बार यहां पॉड टैक्सी का संचालन किया जाएगा।

14.6 किलोमीटर लंबे रूट पर 12 स्टेशन होंगे
यमुना सिटी में सेक्टर-35 से लेकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक 14.6 किलोमीटर लंबा पॉड टैक्सी रूप डेवलप किया जाएगा। इस पर 12 स्टेशन होंगे। पूरे रूट पर 112 पॉड टैक्सी का संचालन किया जाएगा। पॉड टैक्सी यमुना सिटी के आवास, औद्योगिक और संस्थागत सेक्टरों से होते हुए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक जाएगी। पॉड टैक्सी का इस्तेमाल लोग एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर में जाने के लिए कर सकेंगे। शहर के भीतरी हिस्सों से ज़ेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए भी पॉड टैक्सी का उपयोग किया जा सकेगा।

पूरे प्रोजेक्ट में खर्च होंगे 621 करोड़ रुपए
डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने आगे बताया यह दुनिया का सबसे बड़ा पॉड टैक्सी रूट होगा। इससे पहले दुनिया के केवल 5 शहरों में पॉड टैक्सी का संचालन किया जा रहा है और यह छठा रूट होगा। ख़ास बात यह है कि भारत में पहली बार यहां पॉड टैक्सी का संचालन होगा। इस परियोजना पर यमुना अथॉरिटी 621 करोड़ रुपए खर्च करेगी। प्रोजेक्ट में 112 पॉड टैक्स शामिल होंगी। प्रत्येक पॉड टैक्सी में 6 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे। ख़ास बात यह है कि पॉड टैक्सी का संचालन ख़ुद यात्री कर सकते हैं। इसको रोकने और चलाने के लिए केबल बटन दबाने की आवश्यकता होगी।

यमुना सिटी बनी निवेशकों की पहली पसंद
आपको बता दें कि पिछले करीब एक वर्ष से जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण ज़ोर शोर से चल रहा है। अगले साल के आख़िर तक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा शुरू हो जाएगी। दूसरी ओर यमुना सिटी में तेज़ी से कंपनियों का संचालन शुरू हो रहा है। कई बड़ी कम्पनियां उत्पादन शुरू कर चुकी है। बड़ी संख्या में नई कंपनियों का निर्माण चल रहा है। आवासीय सेक्टरों में भी तेज़ी से गतिविधियां शुरू हो चुकी है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पहले से ही कई कॉलेज, विश्वविद्यालय, नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और बड़े शिक्षण संस्थान है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.