लोकमन प्रधान पर गम्भीर आरोप, सख्त एक्शन की मांग

गौतमबुद्ध नगर के राजपूतों में रोष : लोकमन प्रधान पर गम्भीर आरोप, सख्त एक्शन की मांग

लोकमन प्रधान पर गम्भीर आरोप, सख्त एक्शन की मांग

Google Image | लोकमन प्रधान

Noida : ग्रेटर नोएडा के लखनावली गांव में पूर्व प्रधान लोकमन की क्षत्रिय राजपूत समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। राजपूत समाज ने मंगलवार को जिले भर में जगह-जगह बैठक में की हैं। उसके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर के चार अलग-अलग थानों में शिकायत दी गई हैं। समाज का कहना है कि पुलिस तत्काल एफआईआर दर्ज करे। भारतीय जनता पार्टी लोकमन को बर्खास्त करे। अगर ऐसा नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। इसी बीच नोएडा के सेक्टर-63 में लोकमन और उसके साथियों के खिलाफ एक शिकायत दी गई है। जिसमें बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

नोएडा शहर में सेक्टर-65 के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता संतोष सिंह ने शिकायत में लिखा है, "कल दिनांक 7 नवम्बर के मैंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा है। जिसमें एक व्यक्ति क्षत्रिय समाज के लिए बेहद आपत्तिजनक भाषा का उपयोग कर रहा है। पता करने पर जानकारी मिली कि यह लखनावली गांव का निवासी लोकमन शर्मा है। वह इस वीडियो में क्षत्रिय समाज के लिए आपत्तिजनक व्यक्तव्य दे रहा है। जिससे मेरी और हमारे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। लोकमन शर्मा का उद्देश्य भड़काऊ भाषण देकर समाज में वैमनस्य पैदा करना है। लोकमन शर्मा के बारे में पता चला है कि वह एक गिरोहबंद व्यक्ति है। वह राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए आम जनमानस के बीच अफवाहें फैलाता है। लोकमन के साथ दनकौर के पंकज कौशिक और सोनू वर्मा भी वीडियो में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को इन लोगों ने फेसबुक, व्हाट्सएप और दूसरे सोशल मीडिया माध्यमों पर शेयर और वायरल किया है।"

संतोष सिंह ने आगे लिखा है, "लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह से क्षत्रिय और दूसरे समाज पर टिप्पणियां कर रहे हैं। यह व्यक्ति इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इन सारे लोगों का एक गैंग है, जो गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में जातिगत वैमनस्यता फैलाकर राज्य की लोकशांति, विकास की गति और सद्भाव को बिगड़ना चाहता है। लोकमन शर्मा के खिलाफ दादरी कांड में कातिलाना हमला करने, घरों में आगजनी करने, सार्वजनिक सम्पत्तियों में तोड़फोड़, बलुआ और सामाजिक शांति बिगड़ने के आरोपों में मुकदमा दर्ज है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने में इस व्यक्ति के खिलाफ एक महिला और उसके बेटे पर कातिलाना हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है।"

शिकायत में आगे लिखा गया है, "लोकमन शर्मा के परिवार के सदस्य सूरजपुर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर हैं। इनके पास जम्मू कश्मीर में बनवाए गए अवैध असलहा लाइसेंस हैं। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के बावजूद लोकमन शर्मा और उसके परिवार के पास कई असलहै लाइसेंस हैं। जिनके बूते पर लोकमन प्रधान अवैध उगाही और लोगों को भयाक्रांत करता है। ऐसी शिकायतें पूर्व में पुलिस से की गई हैं। इन सारे लोगों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्यवाही की जानी चाहिए। इनके असलहा लाइसेंस रद्द किए जाएं। अगर इन लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही नहीं की गई तो ये गौतमबुद्ध नगर और उत्तर प्रदेश में जातिगत वैमनस्यता फैलाकर हिंसा, दंगों और विवादों को जन्म देना चाहते हैं। जिस तरह पूर्व में दादरी में दंगा करवाया था। यह भी पता लगाया जाए कि इन गैंग के पीछे कौन है, किसका संरक्षण मिल रहा है।" आपको बता दें कि मंगलवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, जेवर और दादरी में इस मुद्दे को लेकर क्षत्रिय समाज ने कई बैठकों की हैं। गौतमबुद्ध नगर पुलिस को 13 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है। कहा गया है कि अगर लोकमन के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.