भाजपा कार्यकर्ता का हत्यारोपी सपा जिला सचिव फरार, परिवार को फिर हमले की आशंका

ग्रेटर नोएडा में फिरे नागर की हत्या का मामला : भाजपा कार्यकर्ता का हत्यारोपी सपा जिला सचिव फरार, परिवार को फिर हमले की आशंका

भाजपा कार्यकर्ता का हत्यारोपी सपा जिला सचिव फरार, परिवार को फिर हमले की आशंका

Google Image | symbolic image

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के बंबावड़ गांव में भाजपा कार्यकर्ता धीरेंद्र उर्फ फिरे नागर की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले चौंका देने वाला खुलासा हुआ है। फिर नागर को पीटने वालों में सपा का जिला सचिव भी शामिल था, जो अभी फरार बताया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ मृतक का परिवार डर के साए में जिंदगी गुजार रहा है। परिवार को डर है कि आरोपी पक्ष फिर से हमला कर सकता है। 

यह है पूरा मामला 
मृतक धीरेंद्र उर्फ फिरे नागर के बेटे प्रवीण नागर ने बताया कि उनके पिता भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता थे। वह खुद भी भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं, लेकिन अभी नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन उनके पिता घर जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी पक्ष के लोग उनसे चुनाव को लेकर बहस करने लगे। जिसका उन्होंने विरोध किया तो आरोपी पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीट-पीटकर उनके पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया,जहां रविवार रात उनकी मौत हो गई। 

सपा का जिला सचिव है आरोपी आजाद 
इस घटना में शामिल दो आरोपी दर्शन और मंगते को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि दो आरोपी फरार चल रहे हैं। फरार आरोपी में एक आजाद नागर है। आजाद नागर समाजवादी पार्टी का जिला सचिव है। पुलिस अभी तक इस आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। इसे लेकर मृतक का बेटा प्रवीण नागर और उसका परिवार अभी भी खौफ में है। 

पुलिस की लापरवाही से गई जान 
प्रवीण ने बताया कि डेढ़ महीने पहले भी आरोपी पक्ष ने उनके परिवार के साथ बदसलूकी की थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन शिकायत करने के बाद भी आरोपी पक्ष पर कार्रवाई नहीं की गई, उल्टा पुलिस ने दोनों पक्षों पर 107\116 की कार्रवाई कर दी। प्रवीण ने बताया कि अगर पुलिस समय रहते हुए आरोपी पक्ष पर कड़ी कार्रवाई कर देती तो आज उसके पिता जिंदा होते। 

परिवार का डर से बुरा हाल 
प्रवीण सिंह नागर ने बताया कि आरोपी पक्ष दबंग किस्म का है। उनके डर की वजह से परिवार के लोगों का बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस की तरफ से सुरक्षा दी गई। दो पुलिसकर्मी सुबह और दो रात को घर के बाहर तैनात रहते हैं। लेकिन इसके बाद भी उन्हें आरोपी पक्ष द्वारा हमले का डर सताता रहता है। 

सपा ने की पुष्टि 
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी ने बताया कि आजार सिंह नागर सपा के जिला सचिव हैं। उन्होंने बताया कि बंबावड़ केस के बारे में उन्हें जानकारी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.