शाहबेरी में धड़ल्ले से बन रहे टावर और विला, डीएम ने दिए जांच के आदेश

Greater Noida West : शाहबेरी में धड़ल्ले से बन रहे टावर और विला, डीएम ने दिए जांच के आदेश

शाहबेरी में धड़ल्ले से बन रहे टावर और विला, डीएम ने दिए जांच के आदेश

Tricity Today | शाहबेरी

Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन की तरफ से शाहबेरी के तमाम जगहों पर बोर्ड लगाकर लोगों को आगाह किया गया है। यहां पर निर्माण या जमीन की खरीद-फरोख्त अवैध है। इसके बाद भी भूमाफिया प्लॉटिंग कर लोगों को मकान बनाकर बेच रहे हैं। एक कंपनी के नाम से शाहबेरी के अंदर कई रजिस्ट्री की गई है। डीएम ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।

एडीएम को सौंपी जांच 
डीएम मनीष वर्मा ने शाहबेरी में अवैध रूप से मकान बनाने और बेचने के मामले की जांच एडीएम को जांच सौंपी है। एडीएम अनिल कुमार का कहना है छह रजिस्ट्री संज्ञान में आई हैं। जिनको डीआईजी रजिस्ट्रार को दिया गया है। आखिर, प्रतिबंध होने के बावजूद यहां पर रजिस्ट्री किसके इशारे पर की गई है। इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में उच्च अधिकारी और कर्मचारी जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बिल्डर भोले-भाले लोगों से कर रहे धोखाधड़ी
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की अरबों रुपए की जमीन हाथ से निकल गई है। शाहबेरी में बगैर किसी रोक-टोक बिल्डर छोटे-छोटे टुकड़ों में प्लॉट पर अवैध टावर बनाने में लगे हैं। बिल्डर भोले-भाले लोगों को सस्ता फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं। इस तरह शाहबेरी में अवैध टावरों का जाल बिछ गया है। यदि यही हाल रहा तो शाहबेरी में ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के लिए एक इंच जमीन नहीं बचेगी। पूरी जमीन हाथ से निकल जाएगी। शाहबेरी में साफ-सफाई से लेकर बिजली और पानी समेत अन्य सभी जरूरी सुविधाएं ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के पल्ले बंधती जा रही है।

शाहबेरी की अवैध इमारत में गई थी नौ लोगों की जान
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित शाहबेरी में 17 जुलाई 2018 की रात दो अवैध इमारतें गिर गईं थीं। उस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी। अभी तक इस मामले में कई बिल्डरों की करोड़ों रुपए की सम्पति कुर्क हो चुकी हैं। यह न्यायालय के आदेश पर हुआ। करीब एक दर्जन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। हालांकि एक बार फिर अधिकारियों की मिलीभगत के बाद चोरी चुपके शाहबेरी में मकानों का निर्माण शुरू हो गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.