रामोत्सव पर झूमे लोग, मंदिरों में की पूजा-अर्चना, बाजार और घरों को सजाया

Hapur News : रामोत्सव पर झूमे लोग, मंदिरों में की पूजा-अर्चना, बाजार और घरों को सजाया

 रामोत्सव पर झूमे लोग, मंदिरों में की पूजा-अर्चना, बाजार और घरों को सजाया

Tricity Today | रामोत्सव पर झूमे लोग

Hapur news : पापड़ नगरी हापुड़ सोमवार को राममय हो गई। घरों के साथ साथ जिले के बाजारों को भी सजाया गया। नगर के प्रमुख बाजार गोल मार्केट को विशेष रूप से सजाया गया। आलम यह था कि लोग रामलला के स्वागत में सजाए गए बाजार को देखने के लिए जा रहे थे। बाजार में आने वाले लोग अपने आप को जय श्रीराम के उद्घोष करने से नहीं रोक सके। हर ओर जय श्रीराम के नारे लग रहे थे। दुकानों पर झंडे लगे हुए थे। बाजार को गुब्बारों से सजाया गया था। यहां भंडारे का भी आयोजन किया गया।

लाइव देखा गया कार्यक्रम
पक्का बाग चौराहे पर बड़ी एलईडी लगाकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम लाइव देखा गया। यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी लोग जय श्रीराम का उद्घोष कर रहे थे। इसके अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों और बाजारों में राममय माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने खिचड़ी, हलवा, खीर आदि का वितरण किया। शहर के प्रमुख तहसील चौराहे को भी सजाया गया। बाजारों में भी रौनक दिखाई दी।

इन रास्तों से गुजरी शोभायात्रा
 शहर में धर्म शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई।  जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। राम भजनों पर महिलाएं नृत्य कर रही थीं। शोभायात्रा का शहर में जगह जगह स्वागत किया गया। जैसे-जैसे शोभायात्रा आगे बढ़ रही थी, उसी तेजी से लोग शोभायात्रा में जुट रहे थे। यह धर्म शोभायात्रा श्री बालाजी मंदिर से शुरू होकर फ्रीगंज रोड स्थित नवदुर्गा मंदिर, रेलवे रोड से होते हुए अतरपुरा चौपला, पक्काबाग, चंडी धाम से खाटू श्याम मंदिर होते हुए श्री सनातन धर्म कोठी गेट पर विश्राम किया।

दंडवत यात्रा निकाली
वहीं, रेलवे रोड स्थित कलेक्टरगंज हनुमान मंदिर से श्रद्धालु संजय त्यागी दंडवत होकर गढ़ रोड स्थित श्रीराम मंदिर तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने पर उन्होंने यह दंडवत यात्रा निकाली है। काफी संख्या में लोग उनके साथ इस यात्रा में चल रहे थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.