सरकार ने दिए रोकथाम के निर्देश, महीनेभर में लगेगी एक करोड़ वैक्सीन

यूपी में गोवंश पर लंपी वायरस का खतरा : सरकार ने दिए रोकथाम के निर्देश, महीनेभर में लगेगी एक करोड़ वैक्सीन

 सरकार ने दिए रोकथाम के निर्देश, महीनेभर में लगेगी एक करोड़ वैक्सीन

Google Image | Symbolic Image

Lucknow News : गोवंश को लंपी वायरस से बचाने के लिए यूपी सरकार ने एक माह में एक करोड़ वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए हैं। यूपी के पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने टीम के साथ बैठक कर प्रदेश में लंपी की रोकथाम के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि गोवंश के बचाव के लिए प्रत्येक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाएं। प्रदेश के जो जनपद प्रभावित नहीं हैं, वहां गोटपॉक्स वैक्सीन से टीकाकरण कराया जाएगा।

राज्य में अब तक 59 गोवंश की मौत
अपर मुख्य सचिव डॉ. रजनीश दुबे ने बताया कि अब तक 65 लाख टीकाकरण किया गया है। प्रदेश के समस्त जनपदों को वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है। अब तक 1,17,84,100 वैक्सीन जनपदों को वितरित की जा चुकी है। बीमारी से 40 जनपद प्रभावित हुए हैं। कुल 8,825 गोवंश प्रभावित हैं। बीमारी से मात्र 59 गोवंश की मृत्यु हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोआश्रय स्थलों एवं गोसंरक्षण केंद्रों के सैनिटाइजेशन एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

पशु मेले और हॉट पर पाबंदी
लंपी रोग से बचाव के लिए और अधिक सतर्कता बरतने व प्रभावित गोवंश के समुचित उपचार का भी निर्देश दिया गया है। वहीं, पशु मेला और हाट आदि के आयोजन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिए गए हैं। सरकार की तरफ से कहा गया है कि किसानों और पशुपालकों को रोग से बचाव के लिए जागरूक कर इसका व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.