अस्पताल के सामने ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, एक कर्मचारी की मौत 

लखनऊ में दर्दनाक हादसा : अस्पताल के सामने ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, एक कर्मचारी की मौत 

 अस्पताल के सामने ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, एक कर्मचारी की मौत 

Google Image | ऑक्सीजन सिलेंडर फटा

Lucknow News (Sachin) : लखनऊ में एक अस्पताल के सामने ऑक्सीजन सिलेंडर गाड़ी से उतारते समय अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। इससे हड़कंप मच गया। इसकी चपेट में आने से सिलेंडर सप्लाई करने वाले दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि कर्मचारियों के हाथ पैर के चिथडे़ उड़ गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उपचार के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तेज धमाके से फैली क्षेत्र में दहशत
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के फरीदपुर निवासी संजय नाम के व्यक्ति का ऑक्सीजन प्लांट है। बताया गया है कि गुरुवार को उसके प्लांट से दो कर्मचारी शोभित और आरिफ बालागंज चौराहे के पास स्थित एक अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की डिलीवरी देने के लिए गए थे। अस्पताल के बाहर वे डाले से ऑक्सीजन सिलेंडर उतरने लगे। तभी अचानक एक सिलेंडर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। अचानक तेज धमाके के कारण आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। सिलेंडर की चपेट में आने से दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल दोनों कर्मचारियों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान आरिफ की मौत हो गई।

परिवार में छाया मातम
बताया गया है कि धमाके के बाद दोनों सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। घटना में मृतक आरिफ फतेहपुर मवई का रहने वाला था। वह लखनऊ में दुबग्गा के मुर्दापुर में अपनी पत्नी शमा, दो बच्चों अनस और शिफा के साथ रह रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर आरिफ के परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस मामले में एडीसीपी पश्चिम का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जांच में पता चलेगा कि हादसे का क्या कारण रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.