जानवरों में फैलने लगा कोरोना, चिड़ियाघर के 8 एशियाई शेरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, आइसोलेट किए गए

BIG NEWS: जानवरों में फैलने लगा कोरोना, चिड़ियाघर के 8 एशियाई शेरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, आइसोलेट किए गए

जानवरों में फैलने लगा कोरोना, चिड़ियाघर के 8 एशियाई शेरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, आइसोलेट किए गए

Google Image | जानवरों में फैलने लगा कोरोना

इंसानों को अपना शिकार बना रहे कोरोना वायरस ने अब जानवरों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में 8 एशियाई शेर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। शुरुआती लक्षण मिलने के बाद इन सभी का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया था। रिपोर्ट ने सबको हैरान कर दिया। क्योंकि यह सभी पॉजिटिव थे। एहतियात बरतते हुए सभी 8 शेरों को आइसोलेशन में रखा गया है। साथ ही उनकी देखभाल कर रहे कर्मचारियों को भी आइसोलेट कर दिया गया है। उनकी भी कोरोना जांच कराई गई है। 

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि बीते 24 अप्रैल को इन 8 शेरों को एनेस्थेसिया देकर बेहोश किया गया। फिर इनके नाक और गले से सैंपल कलेक्ट किया गया था। इन सैंपल्स का पूरी तरह अध्ययन किया गया है। आज, 4 मई को CCMB-LaCONES ने अपनी रिपोर्ट जारी की है। इसमें कहा गया है कि 8 शेर कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है और वह सामान्य व्यवहार कर रहे हैं। खाना भी अच्छी तरह से खा रहे हैं।


चिड़ियाघर के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर हनीफ ने बताया कि कोरोना के लक्षण मिलने के बाद इन शेरों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया था। आज रिपोर्ट मिली है। सभी कोरोना से संक्रमित हैं। डॉक्टर इनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही इनकी देखभाल में तैनात कर्मियों को भी आइसोलेशन में रखा गया है। उनका भी कोविड टेस्ट कराया गया है। हालांकि अब तक किसी के संक्रमित होने का पता नहीं चला है।

दरअसल कोरोना की दूसरी लहर में अब तक जानवरों पर इस जानलेवा वायरस का असर देखने को नहीं मिला था। यह शायद पहला वाकया है, जब एक साथ 8 शेर इसकी चपेट में आए हैं। हालांकि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने कहा है कि पिछले साल के बाद अब तक कोई ऐसा सबूत नहीं मिला है, जिसके आधार पर यह कहा जा सके कि कोरोना जानवरों से इंसानों में फैलता है।
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.