BIG BREAKING: गौरव चंदेल हत्याकांड का मुख्य आरोपी आशु जाट मुंबई में गिरफ्तार, ढाई लाख रुपये का इनामी था

BIG BREAKING: गौरव चंदेल हत्याकांड का मुख्य आरोपी आशु जाट मुंबई में गिरफ्तार, ढाई लाख रुपये का इनामी था

BIG BREAKING: गौरव चंदेल हत्याकांड का मुख्य आरोपी आशु जाट मुंबई में गिरफ्तार, ढाई लाख रुपये का इनामी था

Tricity Today |

दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में खौफ का पर्याय और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी गौरव चंदेल का मुख्य हत्यारोपी आशु जाट मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने शनिवार की दोपहर आशु जाट को गिरफ्तार किया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने आशु जाट की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है। पुलिस उसे मुंबई से लाने के लिए तैयारी कर रही है

मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वहां की क्राइम ब्रांच ने प्रवीण उर्फ आशु जाट को शनिवार की सुबह गिरफ्तार किया है। एक मुठभेड़ के बाद क्राइम ब्रांच ने आशु जाट की गिरफ्तारी की है। मुंबई पुलिस की ओर से आशु जाट की हिस्ट्रीशीट प्रकाशित की गई है। जिसमें ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौरव चंदेल हत्याकांड का जिक्र भी किया गया है। इसके अलावा आशु जाट के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास में 19 मुकदमे दर्ज दिखाए गए हैं। मुंबई पुलिस की ओर से बताया गया है कि आशु जाट ने हापुड़ जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता राकेश शर्मा को भी गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया था।

आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी में रहने वाले रीजनल मैनेजर गौरव चंदेल की 6 जनवरी 2020 की रात नोएडा में पृथला गोल चक्कर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गौरव चंदेल के सिर में गोली मारी गई थी और उनकी नई कार लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। नोएडा पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले का खुलासा किया था। जिसमें पता चला था कि मिर्ची गैंग ने इस वारदात को कार लूट के लिए अंजाम दिया है। गौरव चंदेल हत्याकांड के मुख्य आरोपी आशु जाट की पत्नी और एक गुर्गे को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि करीब 7 महीनों से नोएडा पुलिस सरगर्मी के साथ आशु जाट की तलाश कर रही थी। 

आशु जाट को तीन बार पुलिस ने गिरफ्तार करने की कोशिश की थी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो रहा था। अब शनिवार को मुंबई में आशु जाट की गिरफ्तारी हुई है। 

दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने इस मामले में कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन खत्म होने के बाद चार्जशीट दाखिल कर दी है। गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने आशु जाट की गिरफ्तारी पर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस वक्त आशु जाट उत्तर प्रदेश के मोस्ट वांटेड बदमाशों की सूची में शामिल था। आशु जाट को गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और हापुड़ जिलों की पुलिस करीब ढाई साल से तलाश कर रही है। 

आशु जाट के खिलाफ हापुड़ में हत्याओं के दो मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें वह वांछित चल रहा है। गाजियाबाद में उसके खिलाफ कार लूट के मामले दर्ज हैं। गौतमबुद्ध नगर में गौरव चंदेल हत्याकांड में उसकी तलाश चल रही थी। गौतमबुद्ध नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आशु जाट को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है। जल्दी ही गौतमबुद्ध नगर पुलिस की टीम आशु जाट को लेने मुंबई जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.