गोंडा गोली कांड में सरकार का बड़ा कदम, निरीक्षक संदीप सिंह को हटाया गया

गोंडा गोली कांड में सरकार का बड़ा कदम, निरीक्षक संदीप सिंह को हटाया गया

गोंडा गोली कांड में सरकार का बड़ा कदम, निरीक्षक संदीप सिंह को हटाया गया

Google Image | पुजारी सम्राट दास

उत्तर प्रदेश के गोंडा में स्थित तिर्रे मनोरमा में राम जानकी मंदिर के पुजारी सम्राट दास को शनिवार की रात तकरीबन 2:00 बजे गोली मार दी गई। इसके बाद से ही राज्य की योगी सरकार विपक्षियों के निशाने पर है। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक, गोंडा ने थाना निरीक्षक, इटियाथोक संदीप कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया है।

धानेपुर निरीक्षक संजय कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से इटियाथोक थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राम जानकी मंदिर के महंत सीताराम दास ने निरीक्षक संदीप सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। पुजारी सम्राट दास को गोली मारे जाने के मामले में संदीप सिंह पर ढिलाई बरतने और मामले को रफा-दफा करने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुजारी को घायल हालत में जिला अस्पताल लाया गया। बाद में उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।

हालात की गंभीरता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक, गोंडा शैलेश कुमार पांडे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया है। इससे पहले राजस्थान के करौली में भी गत दिनों एक मंदिर के पुजारी पर हमले का मामला सामने आया था। करौली में पुजारी को जिंदा जला दिया गया था। करौली में भी हमले में भूमाफियाओं को मुख्य आरोपी माना गया है। गोंडा गोलीकांड में मुख्य आरोपी प्रधान अमर सिंह पर कई गंभीर मामलों में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी अमर सिंह पुलिस की पकड़ से बाहर है। गोंडा पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

गोंडा में संत पर हुए हमले के बाद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य सरकार से कहा है कि वह इस मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करें और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा है ‘राजस्थान की तरह यूपी के गोंडा जिले में मंदिर के पुजारी पर भूमाफिया द्वारा मंदिर की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से किया गया जानलेवा हमला अति शर्मनाक है। संत की सरकार में संत सुरक्षित नहीं हैं। इससे खराब कानून व्यवस्था की स्थिति और क्या हो सकती है।’ 

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगे लिखा है ‘यूपी सरकार इस मामले में संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे। इस घटना से जुड़े सभी भूमाफियाओं की संपत्ति भी जरूर जब्त की जाए। साथ ही, साधु-संतों की सुरक्षा भी बढ़ाई जाए।‘ समाजवादी पार्टी ने भी योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि अब प्रदेश में आम नागरिकों के साथ-साथ भगवा भी सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस ने भी हमले के बाद योगी सरकार को घेरते हुए कहा है कि भाजपा को साधु-संतों की कोई चिंता नहीं है। भाजपा के लिए भगवा सिर्फ एक रंग है। भाजपा को सिर्फ सत्ता में बने रहने की भूख है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.