Greater Noida West: लंकापति रावण के गांव बिसरख पहुंचा कोरोना वायरस, गांव सील किया गया

Greater Noida West: लंकापति रावण के गांव बिसरख पहुंचा कोरोना वायरस, गांव सील किया गया

Greater Noida West: लंकापति रावण के गांव बिसरख पहुंचा कोरोना वायरस, गांव सील किया गया

Tricity Today | लंकापति रावण का गांव बिसरख

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीचों-बीच बिसरख गांव को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है। इस गांव में शुक्रवार को कोरोनावायरस से संक्रमित एक महिला मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। ग्रेनो वेस्ट में धीरे-धीरे हालात ठीक हो रहे थे लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर बिसरख गांव में कोरोनावायरस से संक्रमित महिला मिलने के बाद इलाके को हॉटस्पॉट में बदल दिया गया है।ऐसी मान्यता है कि बिसरख गांव लंकापति रावण का पैतृक गांव है। गांव में रावण का एक प्राचीन मंदिर भी है।

गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख गांव में एक 27 साल की महिला कोरोनावायरस से संक्रमित पायी गयी है। इस महिला की टेस्ट रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार की दोपहर मिली थी। जिसके बाद बिसरख गांव को सील कर दिया गया है।

दादरी के एसडीएम राजीव कुमार राय ने आदेश जारी कर अग्रिम आदेशों तक गांव से आवागमन पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी है। जिला प्रशासन का कहना है कि गांव में सीलिंग लागू रहेगी। गांव को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। अगले आदेशों तक कोई भी व्यक्ति गांव से आवागमन नहीं करेगा। अगर किसी व्यक्ति ने लॉकडाउन और सीलिंग के नियमों का उल्लंघन करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि इससे पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पतवाड़ी गांव, निराला ग्रीनशायर हाउसिंग सोसायटी, पाम ओलम्पिया हाउसिंग सोसायटी, चेरी काउंटी हाउसिंग सोसायटी और गौर सिटी में संक्रमण के मामले मिल चुके हैं।फिलहाल चेरी काउंटी सोसायटी रेड जोन में शामिल है, बाकी सभी क्षेत्र ग्रीन जोन में तब्दील किए जा चुके थे। अब शुक्रवार को बिसरख गांव में वायरस के संक्रमण का नया मामला आने के बाद संवेदनशील स्थिति दोबारा बहाल हो गई है।

पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रेटर नोएडा वेस्ट का गांव बिसरख लंकापति रावण का पैतृक गांव है। उनके पिता महर्षि विश्रवा का आश्रम इसी गांव में था। उनके नाम पर ही इस गांव का नाम बिसरख पड़ा है। फिलहाल, गांव के बीचों-बीच एक मंदिर मौजूद है। जिसमें अद्भुत शिवलिंग स्थापित है। इसे रावण द्वारा स्थापित अथवा उनके पिता द्वारा स्थापित किया गया माना जाता है। इसे रावण का मंदिर भी लोग कहते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.