BIG BREAKING : भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा की, देखिए सूची

BIG BREAKING : भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा की, देखिए सूची

BIG BREAKING : भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा की, देखिए सूची

Google Image | BJP announces candidates list

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव का ऐलान पिछले सप्ताह भारत निर्वाचन आयोग ने किया था। इन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार की देर रात अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से 8 उम्मीदवारों की घोषणा की है। उत्तराखंड के लिए भी एक उम्मीदवार की घोषणा की गई है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी किए गए प्रेस बयान में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए 8 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इनमें केंद्रीय शहरी और नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी और खुद अरुण सिंह शामिल हैं। हरिद्वार दुबे, बृजलाल, नीरज शेखर, गीता शाक्य, बीएल वर्मा और सीमा द्विवेदी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। नीरज शेखर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र हैं। वह करीब एक साल पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। उन्हें राज्यसभा के उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोबारा राज्यसभा भेजा था। अब एक बार फिर उन्हें उम्मीदवार घोषित किया गया है। 

बृजलाल उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक हैं। राज्य में बहुजन समाज पार्टी की मायावती सरकार में बृजलाल बड़े कद्दावर पुलिस अफसर थे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन्हें एससी-एसटी आयोग का चेयरमैन भी बनाया गया था। गौतमबुद्ध नगर में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ हुए किसान आंदोलन के दौरान बृजलाल उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) थे। किसानों ने बृजलाल पर फायरिंग करवाने के आरोप लगाए थे।

सीमा द्विवेदी जौनपुर से भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधायक हैं। बीएल वर्मा मौजूदा सरकार में उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम के अध्यक्ष हैं। हरिद्वार दुबे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और पूर्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। हरिद्वार दुबे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की कैबिनेट में मंत्री रहे थे। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई में भी लक्ष्मीकांत वाजपेई समेत कई प्रदेश अध्यक्षों की टीम में काम कर चुके हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तराखंड के नरेश बंसल को राज्यसभा का टिकट दिया है। 

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम 20 अक्टूबर को जारी कर दिया गया था। इन रिक्त सीटों पर 27 अक्टूबर को नामांकन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने बीते मंगलवार को इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी थी। इन सीटों के निर्वाचन क्षेत्रों में सभी को आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा। भारत निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक विधान परिषद की 10 सीटों के लिए 27 अक्टूबर को नामांकन किया जाएगा। 28 अक्टूबर को नाम वापसी का दिन तय किया गया है। दो नवंबर को नाम वापसी का अंतिम दिन होगा। इसके बाद 9 नवंबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित होने तक यह प्रक्रिया अनवरत रूप से चलती रहेगी।

इस चुनाव में राज्य के विधायक भाग लेंगे

उत्तर प्रदेश विधान परिषद का द्विवार्षिक चुनाव है। जिसमें प्रत्येक 2 वर्ष बाद विधान परिषद सदस्यों की कुछ सीटें रिक्त होती रहती हैं। इस बार 10 सीटों के लिए चुनाव किया जाना है इसके लिए राज्य के विधायक मतदान करेंगे। सामान्य रूप से 32 विधायक एक विधान परिषद सदस्य को चुनने के लिए पर्याप्त होते हैं। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार की देर रात आठ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। राज्य से भाजपा के सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो सकते हैं। दूसरी ओर दो स्थानों में से एक पर समाजवादी पार्टी और दूसरे पर बहुजन समाज पार्टी को कामयाबी मिलने की उम्मीद है। 

समाजवादी पार्टी पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। सपा ने मौजूदा राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव उम्मीदवार घोषित किया है। बहुजन समाज पार्टी की ओर से रामजी गौतम मैदान में उतारे गए हैं। प्रोफेसर रामगोपाल यादव और रामजी गौतम ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। जानकारी मिल रही है कि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भी बुधवार को अपने पर्चे दाखिल करेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.