मेरठ-सहारनपुर सीट से शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कसी, श्रीचंद शर्मा ने की संगठन से बैठक

मेरठ-सहारनपुर सीट से शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कसी, श्रीचंद शर्मा ने की संगठन से बैठक

मेरठ-सहारनपुर सीट से शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कसी, श्रीचंद शर्मा ने की संगठन से बैठक

Tricity Today | कार्यकर्ताओं से संवाद करते श्रीचंद शर्मा

मेरठ-सहारनपुर शिक्षक विधान परिषद सदस्य सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पंडित श्रीचंद शर्मा ने सोमवार को संगठन में जिम्मेदार पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की है। बैठक में फैसला लिया गया है कि आगामी एमएलसी चुनाव के लिए तैयारियों को पूरा कर लिया जाए। इस बैठक में पोलिंग प्रमुख से लेकर जिले के चुनाव समन्वयक तक ने भाग लिया है। सभी लोगों ने संयुक्त रूप से हर हाल में सीट जीतने का संकल्प निर्धारित किया है।

श्रीचंद शर्मा ने बताया कि मेरठ-सहारनपुर सीट शिक्षक एमएलसी सीट के लिए जिला गौतमबुद्ध नगर के चुनाव में लगे कार्यकर्ताओं के साथ आगामी कार्य योजना पर सोमवार को चर्चा हुई है। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक, जिला समन्वयक, विधानसभा प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, पोलिंग प्रमुख और चुनाव से सम्बन्धित कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बड़े उत्साह के साथ चुनाव के लिए अब तक किए गए कामकाज की समीक्षा की है। आने वाले दिनों के लिए कार्य योजना तैयार की गई है।

श्रीचंद शर्मा ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारों ने शिक्षक हितों में पिछले 6 वर्षों के दौरान बहुत सारे काम किए हैं। मैंने मेरठ और सहारनपुर मंडल के सभी जिलों का अब तक कई-कई बार भ्रमण कर लिया है। शिक्षकों से लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी बैठकें हो रही हैं  इस बार भारतीय जनता पार्टी के प्रति शिक्षकों का रुझान बहुत अच्छा है। खासतौर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति शिक्षकों में सकारात्मक प्रभाव है। जिसका हमें इस चुनाव में बड़ा फायदा मिलेगा।

श्रीचंद शर्मा ने आगे कहा, "मैंने सभी शिक्षक साथियों के सामने अपनी कार्ययोजना और एजेंडा पेश किया है। शिक्षकों के साथ मिलकर उनकी मांगों, सुविधाओं और जरूरतों पर विचार किया है। हम इन्हीं मुद्दों को आगे लेकर बढ़ेंगे। राज्य और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। मुझे संगठन ने चुनाव लड़ने का दायित्व सौंपा है। लिहाजा, लंबे अरसे से अटकी पड़ी शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करवाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के कारण इन समस्याओं का समाधान करवाना हम लोगों के लिए और भी सहज होगा।"

श्रीचंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी और हमारे अनुषांगिक संगठन हमेशा से शिक्षकों को सर्वोपरि मानते रहे हैं। हम लोगों का मानना रहा है कि जब तक शिक्षकों को शीर्ष पर नहीं रखा जाएगा, तब तक देश की शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं आएगा। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय संस्कृति का अक्षरसः से पालन करती है। भारतीय संस्कृति में तो गुरु को गोविंद से भी सर्वोपरि माना गया है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी मूल मंत्र पर आगे बढ़ता है। मेरा स्वयं का उद्देश्य शिक्षकों के सम्मान की सुरक्षा और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना होगा।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.