VIDEO: गौतमबुद्ध नगर आने के लिए 500 बसों का बेड़ा लेकर आगरा पहुंचे कांग्रेसी, यूपी में प्रवेश की इजाजत नहीं मिली

VIDEO: गौतमबुद्ध नगर आने के लिए 500 बसों का बेड़ा लेकर आगरा पहुंचे कांग्रेसी, यूपी में प्रवेश की इजाजत नहीं मिली

VIDEO: गौतमबुद्ध नगर आने के लिए 500 बसों का बेड़ा लेकर आगरा पहुंचे कांग्रेसी, यूपी में प्रवेश की इजाजत नहीं मिली

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर आने के लिए 500 बसों का बेड़ा लेकर आगरा पहुंचे कांग्रेसी

मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच की तकरार लंबी खिंचती जा रही है। अब मंगलवार की दोपहर 500 बसों का बेड़ा लेकर कांग्रेस के नेता आगरा बॉर्डर पर पहुंच गए हैं। 500 बसें आगरा के पास नगला गांव में खड़ी हुई हैं। आगरा का जिला प्रशासन और पुलिस यूपी में प्रवेश की इजाजत नहीं दे रहा है। कांग्रेस ओर से बसों की वीडियो सोशल मीडिया पर डाली गई है। जिसके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी ने पूरी जानकारी दी है।

रोहित चौधरी ने कहा, "मैं 500 बसें लेकर आगरा के बॉर्डर पर पहुंच चुका हूं। यहां का जिला प्रशासन कह रहा है कि आपको उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। एक और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव कह रहे हैं कि सारी बसें गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद डिपो में जमा करवा दीजिए। दूसरी ओर यहां का प्रशासन कह रहा है कि हमें यूपी में घुसने की इजाजत नहीं है। इन सारी बातों को देखकर साफ लगता है कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन की इच्छाशक्ति इन बसों का इस्तेमाल करने की नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार मजदूरों के हित में कोई मदद लेना नहीं चाहती है। भले ही लाखों मजदूर दर-दर की ठोकरें क्यों ना खाते रहें।"

आपको बता दें कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने 4 दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पेशकश की थी। प्रियंका गांधी ने कहा था कि गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में फंसे हजारों प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने की जरूरत है। इसके लिए कांग्रेस 1000 बसों का इंतजाम कर सकती है। जिन्हें मजदूरों को उनके घर भेजने के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। इस पर 3 दिनों तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। जब प्रियंका गांधी ने बार-बार ट्वीट और पत्र लिखकर यह मांग दोहराई तो सोमवार की शाम उन्हें अनुमति देते हुए उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बसों की सूची मांगी। कांग्रेस की ओर से कुछ देर बाद ही मेल करके बसों की सूची उपलब्ध करवा दी गई। 

इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने सोमवार की देर रात दूसरा पत्र लिखा। सारे दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, ड्राइवर और कंडक्टर की लिस्ट लखनऊ में जिलाधिकारी कार्यालय में जमा करने के लिए कहा। अब मंगलवार की सुबह सरकार की ओर से कहा गया कि बसों को गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के डिपो में जमा करवा दीजिए। कांग्रेसी 500 बसों का बेड़ा लेकर आगरा पहुंच गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि यह 500 बसें गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के बस डिपो में जमा करने जा रहे हैं। लेकिन अब उन्हें यूपी में घुसने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.