गाजियाबाद में फॉगिंग करने गए निगम कर्मचारी पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद में फॉगिंग करने गए निगम कर्मचारी पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद में फॉगिंग करने गए निगम कर्मचारी पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

Tricity Today | दिनेश

एक ओर डॉक्टर, पुलिस और सफाई कर्मचारी लगातार लोगों की जान बचाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं तो दूसरी ओर ऐसे लोगों की भी कोई कमी नहीं जो इन पर हमले कर रहे हैं। गाजियाबाद में सैनिटाइजेशन ड्राइव के लिए फॉगिंग करने गए नगर निगम के एक कर्मचारी पर जानलेवा हमला किया गया है। कर्मचारी को गंभीर चोट आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले में एफआइआर दर्ज करके दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

विजय नगर थानाक्षेत्र की शिवपुरी कॉलोनी में मंगलवार को नगर निगम की टीम सैनिटाइजेशन अभियान के तहत फॉगिंग करने गई थी। जब यह टीम शिवपुरी कॉलोनी की की गली नम्बर 13 में पहुंची तो दो भाइयों जितेंद्र भड़ाना उर्फ जीतू और हरेंद्र भड़ाना ने अपने घर के भीतर फॉगिंग करने का दबाव बनाया। जब निगम के कर्मचारी ने नियम के मुताबिक काम करने की बात कही तो दोनों ने कर्मचारी दिनेश पर हमला कर दिया।

इस हमले में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर पर किसी ऐसी चीज से हमला किया गया है, जिससे वह लहूलुहान हो गया है। दिनेश की फॉगिंग मशीन और साइकिल दोनों भाइयों ने छीनकर रख ली। दिनेश ने अपने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। नगर निगम के अन्य कर्मचारियों के साथ घायल दिनेश विजय नगर थाने पहुंचा। उसने दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया है।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले भी नगर निगम के एक कर्मचारी को विजय नगर में पीटा गया था। उस दिन भी आरोपी अपने घर में सेनिटाइजेशन करवाना चाहते थे। नगर निगम के कर्मचारियों पर लगातार हो रहे हमलों से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.