भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बर्खास्त, पार्टी के स्थापना दिवस पर क्यों हुई इतनी बड़ी कार्रवाई

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बर्खास्त, पार्टी के स्थापना दिवस पर क्यों हुई इतनी बड़ी कार्रवाई

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बर्खास्त, पार्टी के स्थापना दिवस पर क्यों हुई इतनी बड़ी कार्रवाई

Tricity Today | भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष फायरिंग करते हुए

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को स्थापना दिवस होने के बावजूद बड़ी कार्रवाई की है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने बलरामपुर जिले की अध्यक्ष मंजू तिवारी को उनके पद से बर्खास्त कर दिया है। दरअसल, मंजू तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें वह रिवाल्वर से गोली दागते हुए दिख रही हैं। यह वीडियो रविवार की रात उस वक्त सोशल मीडिया पर आया जब पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर दिए जला रहा था।

बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने खुशी का इजहार करने के लिए लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली दागी। उन्हीं के परिवार के किसी सदस्य ने यह घटना का वीडियो बनाया और उसे व्हाट्सएप पर डाल दिया। जिसके बाद यह वीडियो फेसबुक, ट्विटर और तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स वायरल हो रहा है।

यह वीडियो भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा। जिसके बाद युवा महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह ने कार्रवाई करते हुए मंजू तिवारी को उनके पद से हटा दिया है। गौरतलब है कि रविवार की रात 9 बजे, 9 मिनट के लिए लोगों ने अपने घरों की बत्तियां बंद करके दीए जलाए थे। जिसका आह्वान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। साथ ही प्रधानमंत्री ने यह भी हिदायत दी थी कि यह आयोजन जश्न मनाने के लिए नहीं किया जा रहा है। बल्कि, इस वक्त देश पर आए संकट में 24 घंटे काम कर रहे डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों और सफाई कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने और उन्हें सम्मान देने के लिए होगा।

पार्टी की ओर से कहा गया था कि इस दौरान कोई भी ऐसा काम न किया जाए जिससे गलत संदेश जाए। बलरामपुर की भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू तिवारी का रिवाल्वर से गोली दागते हुए वीडियो आने के बाद विपक्ष ने भी तीखी टिप्पणियां की थीं। यही वजह रही कि सोमवार को भाजपा का स्थापना दिवस होने के बावजूद कार्रवाई की गई।

उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष दर्शन सिंह ने कहा कि मंजू तिवारी एक जिम्मेदार पद पर थीं। उन्हें ऐसा कृत्य नहीं करना चाहिए था, जिससे समाज में गलत संदेश जाए। इस वक्त पूरा देश एक भयावह संकट के सामने खड़ा हुआ है। एकजुट होकर सभी लोग इस बीमारी से लड़ रहे हैं। ऐसे समय में हल्केपन का परिचय देते हुए गोली दागना और खुशी का इजहार करना उचित नहीं रहा। भारतीय जनता पार्टी इस तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं कर सकती।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.