Greater Noida: बुजुर्ग दम्पति से विधायक धीरेन्द्र सिंह ने सम्पर्क किया, बेटों के इलाज का खर्च उठाएंगे, ट्राई सिटी टुडे ने चलाई थी खबर

Greater Noida: बुजुर्ग दम्पति से विधायक धीरेन्द्र सिंह ने सम्पर्क किया, बेटों के इलाज का खर्च उठाएंगे, ट्राई सिटी टुडे ने चलाई थी खबर

Greater Noida: बुजुर्ग दम्पति से विधायक धीरेन्द्र सिंह ने सम्पर्क किया, बेटों के इलाज का खर्च उठाएंगे, ट्राई सिटी टुडे ने चलाई थी खबर

Tricity Today | बुजुर्ग दंपत्ति

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में दादूपुर गांव के निवासी बुजुर्ग दंपत्ति की मदद के लिए जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह आगे आए हैं। विधायक धीरेंद्र सिंह ने ट्राइसिटी टुडे पर चली खबर का संज्ञान लेते हुए उनसे संपर्क किया। बुजुर्ग दंपत्ति को पूरी मदद का आश्वासन दिया है। विधायक ने कहा कि अस्पताल में भर्ती दंपति के बेटे का इलाज में आने वाले खर्च को वह खुद वहन करेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी सुहास एलवाई और गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी बातचीत कर ली है।

दादूपुर गांव के निवासी ब्रह्मपाल नागर और उनकी पत्नी कुसुम ने शनिवार की सुबह एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इन दोनों ने जानकारी दी थी कि उनके दो बेटे गजेंद्र नागर (24 वर्ष) और नकुल (19 वर्ष) नोएडा से गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में नलगढ़ा अंडरपास के नजदीक स्वास्थ्य विभाग के ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में दोनों लड़के गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बड़ा बेटा गजेंद्र नोएडा के फेलिक्स अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत बहुत ज्यादा खराब है। वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। परिवार अब तक लाखों रुपए इलाज पर खर्च कर चुका है। अब और पैसा उनके पास नहीं है। ब्रह्मपाल नागर व कुसुम नागर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद करने और बेटे की जान बचाने की अपील की थी। 

इस वीडियो के साथ ट्राइसिटी टुडे ने आज दोपहर समाचार प्रकाशित किया था। जिस पर जेवर से विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। विधायक ने बताया, "मैंने ब्रह्मपाल नागर से संपर्क किया है। वह मेरे विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। परिवार को किसी भी तरह का कष्ट नहीं होने दिया जाएगा। बेटे गजेंद्र सिंह के इलाज पर आने वाले खर्च का वहन मैं और जिला प्रशासन करेंगे। इसके लिए मैंने जिला अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात की है। फेलिक्स अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ.डीके गुप्ता से भी बात हो गई है। अस्पताल प्रशासन ब्रह्मपाल नागर से पैसे की मांग नहीं करेगा। जिलाधिकारी ने परिवार और अस्पताल के बीच समन्वय करने के लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुनील कुमार दोहरे को नियुक्त कर दिया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि गजेंद्र सिंह नागर जल्दी स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच वापस लौट आएं।"

ब्रह्मपाल नागर ने बताया कि उनके बेटे गजेंद्र नागर की शादी हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही एक साथ उसकी पत्नी ने 3 बच्चों को जन्म दिया था। गजेंद्र नोएडा में नौकरी करते हैं। वही परिवार में कमाने वाले इकलौते व्यक्ति हैं। पूरा परिवार गजेंद्र पर आश्रित है। ऐसे में गजेंद्र के साथ हुआ हादसा परिवार पर संकट बन कर आया है। अब तक रिश्तेदारों और गांव वालों से 5 लाख रुपये कर्ज लेकर इलाज पर खर्च कर चुके हैं। अब जब हिम्मत जवाब दे गई तो सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद मांगी थी। ब्रह्मपाल नागर ने कहा, "हमारे विधायक धीरेंद्र सिंह ने संपर्क किया है। उनसे बातचीत हुई है। उन्होंने कहा है कि गजेंद्र के इलाज का पूरा खर्च वहन करेंगे। इससे हमें बड़ा धैर्य बंधा है।"

विधायक ने महज एक घंटे में किया समस्या का समाधान

ट्राइसिटी टुडे ने शनिवार की दोपहर करीब 2:00 बजे इस मुद्दे पर समाचार प्रकाशित किया था। ट्राइसिटी टुडे की ओर से किए गए ट्वीट पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने 2:41 पर जवाब दिया। बताया कि उनकी गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई से फोन पर वार्ता हो गई है। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन इलाज का पूरा खर्च वहन करेगा। इसके बाद विधायक ने ब्रह्मपाल नागर से फोन पर बात की और उन्हें भी जानकारी दी। ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने महज एक घंटे में ब्रह्मपाल सिंह नागर और कुसुम नागर की समस्या का समाधान कर दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.