जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया, यमुना एक्सप्रेस वे पर फिल्म सिटी को मिली है मंजूरी

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया, यमुना एक्सप्रेस वे पर फिल्म सिटी को मिली है मंजूरी

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया, यमुना एक्सप्रेस वे पर फिल्म सिटी को मिली है मंजूरी

Tricity Today | जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया

जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया है। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने तेजी के साथ विकास किया है। इसका सबसे बड़ा लाभ गौतमबुद्ध नगर जिले को मिला है। धीरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि जेवर विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढे तीन वर्षों में इतने विकास कार्य हुए हैं, जितने पिछले 70 वर्षों के दौरान नहीं हुए थे। विकास कार्यों के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस वे पर फिल्म सिटी को मंजूरी दे दी है।

यमुना एक्सप्रेस वे पर फिल्म सिटी सेक्टर-21 में 1000 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। यह इलाका जेवर विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। जिसका सीधा फायदा जेवर क्षेत्र को मिलेगा। इस पर जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की बदौलत मेरे विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य चल रहे हैं। हजारों की संख्या में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां आएंगी। लाखों युवकों को नौकरी और रोजगार मिलेंगे। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक और बड़ी विकास परियोजना फिल्म सिटी को विधानसभा क्षेत्र में मंजूरी दी है।"

धीरेन्द्र सिंह ने कहा, "जेवर विधानसभा क्षेत्र गौतमबुद्ध नगर और पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा जाता था। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अब फिल्म सिटी परियोजना से जेवर विधानसभा क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलेगा। यह दोनों परियोजनाएं जेवर क्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर लेकर आएंगी। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हमेशा आभारी रहूंगा।" आपको बता दें कि पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलीय समीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी की स्थापना करने की इच्छा जाहिर की थी। इस बैठक में जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह भी शामिल थे। धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को यमुना एक्सप्रेस वे पर फिल्म सिटी बसाने का सुझाव दिया था। जिस पर यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुण वीर सिंह ने हाथों-हाथ सहमति जता दी थी।

आपको बता दें, Yamuna Authority ने एक्सप्रेस वे के किनारे सेक्टर-21 में 1000 एकड़ जमीन फिल्म सिटी के लिए प्रस्तावित की है। यह प्रस्ताव रविवार को शासन में भेज दिया था। वहीं, Noida Authority और Greater Noida Authority सोमवार को अपने प्रस्ताव भेजे थे। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी Night Safari की करीब 550 एकड़ जमीन पर फिल्म सिटी को मूर्त रूप देने की तैयारी कर रही थी। प्रस्ताव में इलाके की सारी खूबियां भी बताई गई थीं।

मख्यमंत्री ने जनपद के तीनों प्राधिकरणों से फिल्म सिटी को लेकर प्रस्ताव मांगा था। यमुना प्राधिकरण ने रविवार को अपना प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। प्राधिकरण सेक्टर-21 में 1 हजार एकड़ जमीन पर फिल्म सिटी को बसाना चाहता है। यह सेक्टर यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे है। लोकेशन के लिहाज से यह बहुत बेहतर है। यहां से शूटिंग के लिए मथुरा, आगरा, जयपुर जैसे शहरों में आसानी से जाया जा सकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में इसमें काफी मददगार साबित होगा। यमुना प्राधिकरण ने भेजे अपने प्रस्ताव में बताया है कि फिल्म सिटी के लिए औद्योगिक दर पर जमीन दी जाएगी। सीएम ने इसी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी बसाने की योजना है। सेक्टर की लोकेशन बेहद शानदार है। ग्रेटर नोएडा शहर के नजदीक है। यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे पर है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे भी इस सेक्टर के समीप से होकर गुजर रहा है। देश का इकलौता फॉर्मूला वन गौतमबुद्ध इंटरनेशनल सर्किट सेक्टर के पास ही है। इस लोकेशन से जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दूरी भी बमुश्किल 15 किलोमीटर है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली रैपिड मेट्रो भी इस सेक्टर के पास से होकर गुजरेगी। लिहाजा, फिल्म सिटी जैसे प्रोजेक्ट के लिए यह लोकेशन शानदार है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कई बड़ी फ़िल्मी हस्तियों के साथ बैठक की। उन्हें भी यमुना प्राधिकरण का प्रस्ताव सबसे बेहतर लगा है।

यमुना प्राधिकरण ने फिल्म सिटी के लिए भूखंड आवंटन की दरें भी तय कर दी हैं। 4 हजार वर्ग मीटर तक के भूखंड 6670 रुपये प्रति वर्ग मीटर में मिलेंगे 4 से 8 हजार वर्ग मीटर के भूखंड 5680 रुपये वर्ग मीटर, 8 से 20 हजार वर्ग मीटर के भूखंड 4810 रुपये, 20 से 40 हजार वर्ग मीटर के भूखंड 4370 रुपये, 40 से 80 हजार वर्ग मीटर के भूखंड 4210 रुपये और इससे बड़े भूखंड 4050 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से मिलेंगे। इस बारे में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि फिल्म सिटी का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.