नोएडा और गाजियाबाद में दिल्ली बॉर्डर पर भीषण जाम, लोग बेहाल

नोएडा और गाजियाबाद में दिल्ली बॉर्डर पर भीषण जाम, लोग बेहाल

नोएडा और गाजियाबाद में दिल्ली बॉर्डर पर भीषण जाम, लोग बेहाल

Tricity Today | नोएडा और गाजियाबाद में दिल्ली बॉर्डर पर भीषण जाम

आज (सोमवार) सुबह से लॉकडाउन-5 लागू हो गया है। जिसमें बहुत सारी राहतें दी गई हैं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तमाम सरकारी विभागों को खोल दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में हाजिर होने का आदेश दिया गया है। ज्यादातर प्रतिबंध खत्म कर दिए गए हैं लेकिन दिल्ली बॉर्डर अभी भी सील हैं। ऐसे में नोएडा और गाजियाबाद में दिल्ली बॉर्डर पर भीषण जाम लगा हुआ है।

नोएडा में डीएनडी और कालिंदी कुंज मार्ग पर लम्बा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। पुलिस दिल्ली की ओर से आने वालों और नोएडा से दिल्ली जाने वालों की जांच कर रही है। पूछताछ की जा रही है। अधिकृत पास और पहचान पत्र देखे जा रहे हैं। दिल्ली जाने की केवल उन्हीं लोगों को इजाजत दी जा रही है, जिनके पास अनुमति हैं।

सोमवार से दबाव और ज्यादा बढ़ गया है

केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने सभी कार्यालय खोल दिए हैं। इन कार्यालयों में तैनात हजारों की संख्या में कर्मचारी नोएडा और दिल्ली में रहते हैं। नोएडा में अधिकांश कंपनियां और फैक्ट्रियां शुरू हो गई हैं। इनमें भी बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से आवागमन करते हैं। ऐसे में सोमवार की सुबह से पिछले दिनों के मुकाबले दिल्ली बॉर्डर पर वाहनों का दबाव और ज्यादा है।

15 मिनट का रास्ता डेढ़ घण्टे में पूरा हो रहा

सुबह 7:00 बजे से ही डीएनडी और कालिंदी कुंज मार्ग पर ट्रैफिक जाम लगना शुरू हो गया था, जो अब तक लंबी-लंबी लाइनों में बदल चुका है। मुख्य मार्गों के साथ-साथ सर्विस लेन पर भी वाहनों की लाइनें लगी हुई हैं। कारें रेंगकर आगे बढ़ रही हैं। ऊपर से चिलचिलाती धूप के कारण ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि 15-20 मिनट का रास्ता एक से डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा है। दूसरी ओर ठीक ऐसे ही हालात गाजियाबाद में बने हुए हैं। यूपी गेट से लेकर नेशनल हाईवे पर कौशांबी और वैशाली तक ट्रैफिक जाम लगा हुआ है।

पुलिस की जांच के कारण लाइन लम्बी

बॉर्डर सील होने और पुलिस की जांच की वजह से हालात ज्यादा खराब हो गए हैं। सरकारी दफ्तरों में 100 फीसदी उपस्थिति और बस सेवा बहाल होने की वजह से सबसे ज्यादा भीड़ है। पुलिस भी परेशान है। चिलचिलाती धूप में पुलिस को दिनभर खड़ा होकर वाहनों को नियंत्रित करना पड़ रहा है।

हरियाणा में बॉर्डर खुलने का आदेश, लेकिन अभी स्थिति पहले जैसी
रविवार देर रात सरकार ने हरियाणा की सभी सीमाओं (गुड़गांव और फरीदाबाद भी) को खोलने का निर्णय लिया है। अब कोई भी गुड़गांव से दिल्ली या अन्य क्षेत्रों में बेरोक-टोक यात्रा कर सकेगा। ऐसे में गुड़गांव नौकरी करने आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सरकार के बॉर्डर खोलने के आदेश से डीसी अमित खत्री ने इनकार किया है। उनका कहना है कि अभी गाइडलाइंस नहीं आई हैं। ऐसे में पुराने आदेश ही प्रभावी रहेंगे। गाइडलाइंस आते ही बॉर्डर खुल सकते हैं। फिलहाल पास से ही एंट्री हो रही है। इसकी वजह से सोमवार को जाम लग गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.