Tricity Today | राजस्थानी समाज ने ऑनलाइन मनाया तीज महोत्सव
आओ सखी इस बार कुछ खास तीज मनायें।
सोलह श्रृंगार कर खुद को हम खूब सजाये।।
बैठकर निज घर पर ही सबका मंगल गाए।
आओ सखी इस बार कुछ खास तीज मनाए।।
हाथों में लगाकर मेंहदीं अपनी माँ का दुलार उसे समझना।
रहे सुरक्षित अपना मायका व ससुराल इसका ध्यान तुम रखना।।
फिर तो बरसों बरस तीज सखियों संग मिलकर ही मनाना।
अगले बरस सावन में मिल जुलकर तीज मनाएंगे।।
पर इस वर्ष घर से ही सब जूम पर तीज मनाएंगे।
आओ सखी इस बार कुछ खास तीज मनाएं।।
कुछ इस अंदाज में राजस्थान कल्याण परिषद ने कोरोना महामारी में जूम पर रविवार की शाम तीज महोत्सव का मनाया और लोगों ने भरपूर आनंद लिया। तीज महोत्सव का कार्यक्रम करीब ढाई घंटे जूम एप पर चला, जिसको राजस्थान कल्याण परिषद और नोएडा की अन्य सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने देखा। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और स्वागत गीत के साथ की गई।
तीज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेहंदी होता है
मेहंदी रचना प्रतियोगिता का आयोजन हुआ
जिसमें संस्था की महिला सदस्यों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। तरह-तरह की डिज़ाइन वाली मेंहदी लगाकर मेंहदी प्रतियोगिता में भाग लिया।
मेहंदी में भगवान श्रीकृष्ण को पहनाया मास्क
प्रथम स्थान नम्रता बियानी को मिला। जिन्होंने भगवान कृष्णा की कलाकृति बनाकर भगवान कृष्ण को कोरोना से बचने के लिए मास्क भी पहनाया है।
संगीता बियानी को दूसरा स्थान मिला
कोरोना से बचने का संदेश भी सभी को दिया गया। दूसरा स्थान संगीता बियानी को मिला, जिन्होंने सावन महीने को मेहंदी पर कुरेदा है।
नीलू गुप्ता की मेहंदी रही वीवर्स चॉइस
वीवर्स चॉइस इनाम नीलू गुप्ता को मिला। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतियोगी को 2100 रुपये, दूसरा और वीवर्स चॉइस प्रतियोगी को 1100 रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
जोड़ों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं
संस्था की महिला सदस्यों द्वारा राजस्थानी गानों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जो बहुत ही मनभावनी थीं। कई जोड़ों ने भी नृत्य किया। जिनमें पती-पत्नी और देवरानी-जेठानी शामिल थीं।
बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस कंपटीशन हुआ
बच्चों का फैंसी ड्रेस कम्पीटिशन भी था। बच्चे एक से बढ़कर एक सुंदर ड्रेस में सज धजकर शामिल हुए थे। सभी ने बच्चों की रंग-बिरंगी पोशाक खूब पसंद की।
महिलाओं ने रैंप वॉक भी किया
पवन शर्मा ने बताया कि महिलाओं का रैम्प वॉक भी था। ढाई घंटे का समय कैसे बीता पता ही नहीं चला। संस्था के अध्यक्ष अरविंद वैद ने कार्यक्रम की संयोजिका मंजू केडिया को धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयोजन में इन महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा
तीज महोत्सव के आयोजन में पारुल माहेश्वरी, सरिता गुप्ता, अनिता शर्मा, अनुराधा बैद, मीनाक्षी राठी, निशि अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन सभी आयोजकों को दर्शकों ने सुंदर कार्यक्रम संयोजन के लिए बधाई दी।
राजस्थान कल्याण परिषद का वार्षिक लेखा-जोखा पेश किया गया
राजस्थान कल्याण परिषद की वर्षभर की गतिविधियों को बताया गया। संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि कोरोना लॉकडाउन के समय संस्था ने नोएडा ऑथोरिटी के माध्यम से करीब 45 दिनों तक भोजन का वितरण किया है।
परिषद की डिस्पेंसरी कोरोना काल में भी चलती रही
राजस्थान कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि संस्था शहर के सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-19 में धर्मार्थ डिस्पेंसरी का संचालन करती है। यह डिस्पेंसरी कोरोना काल में भी लगातार काम करती रही। डिस्पेंसरी ने इस दौरान हजारों लोगों का उपचार किया है।
वैद्य केएल वेद ने लोगों का उपचार किया
संस्था के सरंक्षक सदस्यों में से एक और वैद्य केएल वैद द्वारा निशुल्क कोरोना महामारी से बचने के लिए परामर्श दिया गया। कोरोना से बचने के लिए आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण भी किया गया, जो आज भी जारी है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए महानुभाव
संस्था के पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि तीज महोत्सव कार्यक्रम में जीपी केडिया, केएल बैद, आरपी सोनी, ओपी बंसल, विजय सोनी, अनिल अग्रवाल, महेंद्र शाह, अरविंद सोनी, प्रकाश ईनाणी, जीसी माहेश्वरी, विष्णु गोयल, जुगल किशोर भारती, राजीव गुप्ता, विक्रम अग्रवाल, प्रदीप मेहता, ओपी राठी, शरद जैन, एनके मालपानी, आरपी माहेश्वरी, प्रदीप बजाज, अनिल जैन, राम रतन शर्मा सहित संस्था के सभी सदस्यों ने भाग लिया।