यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव, दो भीषण हादसों में 6 लोगों की मौत

यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव, दो भीषण हादसों में 6 लोगों की मौत

यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव, दो भीषण हादसों में 6 लोगों की मौत

Google Image | Yamuna Expressway

गौतमबुद्ध नगर में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को मौत ने तांडव किया है। दो भीषण हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हैं। पहला हादसा ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थानाक्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार की सुबह हुआ है। इस दर्दनाक सड़क हादसे में इनोवा कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। इनोवा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही रोडवेज बस टकरा गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। दूसरा हादसा जेवर थानाक्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के ही हुआ है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है।

गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह को एक इनोवा कार में सवार होकर पांच लोग आगरा से नोएडा की तरफ आ रहे थे। उन्होंने बताया कि बीटा- दो थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस- वे पर एचपी पेट्रोल पंप के नजदीक कार आगे चल रही रोडवेज की बस से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में इनोवा कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजेश सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान आशीष चौहान निवासी वसुंधरा (गाजियाबाद), आलोक कुमार गुप्ता निवासी इस्माइलपुर अमरनगर (फरीदाबाद, हरियाणा), मणिगंदन मायकन देवकर निवासी उल्हासनगर (ठाणे, महाराष्ट्र) और फिरोज निवासी गढ़ी बिचित्र (आगरा) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान प्रिंस पाल निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। राजेश सिंह ने बताया कि ये लोग एक इवेंट कंपनी में काम करते थे। आगरा में आयोजित किसी समारोह में भाग लेने के बाद घर लौट रहे थे।

वहीं, जेवर क्षेत्र में हुए दूसरे हादसे के बारे में जेवर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब चार बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से नोएडा आने वाली लेन पर एक बोलेरो पिकअप कार गलत दिशा से आ रही थी। उन्होंने बताया कि आगरा से नोएडा की तरफ आ रही एक डबल डेकर बस ने बोलेरो पिकअप में सीधी टक्कर मार दी। जिससे बोलेरो में बैठे दो लोगों पप्पू (32 वर्ष) और धनंजय कुमार (30वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, दोनों बिहार के गया जिले के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.