प्रियंका और मायावती ने बलिया में पत्रकार की हत्या को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा, जानिए दोनों क्या बोलीं

प्रियंका और मायावती ने बलिया में पत्रकार की हत्या को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा, जानिए दोनों क्या बोलीं

प्रियंका और मायावती ने बलिया में पत्रकार की हत्या को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा, जानिए दोनों क्या बोलीं

Tricity Today |

बलिया में राष्ट्रीय सहारा के पत्रकार की सोमवार की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद एक बार फिर राज्य में योगी आदित्यनाथ सरकार कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आलोचनाओं का शिकार हो रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी में योगी आदित्यनाथ सरकार निशाना साधा है। दूसरी और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने राज्य सरकार को कानून व्यवस्था के मोर्चे पर नाकाम करार दिया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक पत्रकार की कथित हत्या को लेकर मंगलवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार अपराध की घटनाओं पर पर्दा डालती है और अपराध बढ़ता ही जा रहा है। 

प्रियंका ने ट्वीट किया, ''19 जून को शुभम मणि त्रिपाठी की हत्या, 20 जुलाई को विक्रम जोशी की हत्या और 24 अगस्त को रतन सिंह की हत्या....। उप्र में पिछले 3 महीनों में 3 पत्रकारों की हत्या। 11 पत्रकारों पर खबर लिखने के चलते प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि उप्र सरकार का पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतन्त्रता को लेकर ये रवैया निंदनीय है।  

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने आरोप लगाया, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सरकार की स्पीड बताते हैं और अपराध का मीटर उससे दोगुनी स्पीड से भागने लगता है। प्रत्यक्षम् किम् प्रमाणम्। ये उप्र में केवल दो दिनों का अपराध का मीटर है। सरकार बार-बार अपराध की घटनाओं पर पर्दा डालती है, मगर अपराध चिंघाड़ते हुए प्रदेश की सड़कों पर तांडव कर रहा है।

उत्तर प्रदेश में नहीं थम रहे अपराध: मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। मायावती ने मीडिया से कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है और अब तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माने जाने वाले मीडिया जगत के लोग भी यहां आए दिन हत्या और जुर्म के शिकार हो रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आजमगढ़ मंडल में हुई पत्रकार की हत्या इसका ताजा उदाहरण है। बसपा प्रमुख ने कहा कि राज्य में सरकार की बदहाली का हाल यह है कि बात-बात पर रासुका, देशद्रोह और अन्य अति संगीन धाराओं के इस्तेमाल के बावजूद भी यहां अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं।

मायावती ने सोमवार को ट्वीट किया था, "उप्र के सीतापुर में नाबालिग दलित के साथ गैंगरेप, चित्रकूट में बंधुआ मजदूरी नहीं करने पर युवक की हत्या तथा उसके बेटे का हाथ तोड़ना और गोरखपुर में दोहरी हत्या आदि जघन्य घटनाओं की बाढ़ आई हुई है।" उन्होंने कहा, "क्या यही है सरकार का रामराज्य? दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, बसपा की यही मांग है।"

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में सोमवार रात्रि एक निजी हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गयी । इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.