प्रियंका गांधी ने विक्रम जोशी और विक्रम त्यागी के परिजनों से बात की, कहा- हर सम्भव मदद करेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी ने विक्रम जोशी और विक्रम त्यागी के परिजनों से बात की, कहा- हर सम्भव मदद करेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी ने विक्रम जोशी और विक्रम त्यागी के परिजनों से बात की, कहा- हर सम्भव मदद करेगी कांग्रेस

Tricity Today | प्रियंका गांधी ने विक्रम जोशी और विक्रम त्यागी के परिजनों से बात की

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने गाजियाबाद के पत्रकार विक्रम जोशी के परिजनों से फोन पर बात की है। करीब 10 दिन पहले विक्रम जोशी की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दूसरी ओर प्रियंका गांधी ने अपहृत बिल्डर विक्रम त्यागी के परिवार से बात की है। सोमवार की शाम प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू को दोनों परिवारों से मुलाकात करने के लिए भेजा। वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने दोनों परिवारों की प्रियंका गांधी से बातचीत करवाई है। इस दौरान प्रियंका गांधी ने परिजनों को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने बताया कि गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या और बिल्डर विक्रम त्यागी के अपहरण की घटना के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने फोन पर दोनों परिवारों से वार्ता की है। उन्हें अपनी तरफ से पूर्ण रूप से मदद का आश्वासन दिया है। वीरेंद्र सिंह ने कहा, "मैं स्वयं आज पत्रकार विक्रम जोशी के यहां पर मौजूद रहा। मेरे साथ गाजियाबाद कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक विक्रम जोशी के घर गए। विक्रम त्यागी के यहां जिला अध्यक्ष विजेंद्र यादव साथ में मौजूद रहे। मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी पूर्ण रूप से दोनों परिवारों के साथ है।"

आपको बता दें कि विक्रम जोशी की गाजियाबाद में दिनदहाड़े हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद इस मामले को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने उठाया था। प्रियंका गांधी के ट्वीट करने के बाद गाजियाबाद पुलिस हरकत में आई थी और आनन-फानन में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब सोमवार को प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के पदाधिकारियों को विक्रम जोशी के परिवार से मुलाकात करने भेजा और खुद भी बात की।

दूसरी ओर गाजियाबाद के बिल्डर विक्रम त्यागी करीब एक महीने पहले लापता हो गए थे। इस मामले में परिवार की ओर से अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक पुलिस और यूपी एसटीएफ विक्रम त्यागी का कोई सुराग नहीं लगा पाए हैं। विक्रम त्यागी जिस दिन अपने घर से गायब हुए थे, उसके 2 दिन बाद उनकी कार मुजफ्फरनगर में तितावी कस्बे के पास लावारिस रूप से खड़ी मिली थी। विक्रम त्यागी की बरामदगी को लेकर उनके परिजन, रिश्तेदार और बिल्डर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी करीब एक सप्ताह से धरना दे रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.