राहुल गांधी लाव-लश्कर के साथ डीएनडी पहुंचे, पुलिस ने रोका, जोरदार नारेबाजी के बीच बातचीत शुरू

राहुल गांधी लाव-लश्कर के साथ डीएनडी पहुंचे, पुलिस ने रोका, जोरदार नारेबाजी के बीच बातचीत शुरू

राहुल गांधी लाव-लश्कर के साथ डीएनडी पहुंचे, पुलिस ने रोका, जोरदार नारेबाजी के बीच बातचीत शुरू

Tricity Today | राहुल गांधी लाव-लश्कर के साथ डीएनडी पहुंचे

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी नोएडा में डीएनडी टोल प्लाजा पर पहुंच गए हैं। उनके साथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी भीड़ है। राहुल गांधी को दिल्ली से डीएनडी टोल प्लाजा तक पहुंचने में करीब एक घंटे का वक्त लग गया है। डीएनडी टोल प्लाजा पर कांग्रेसियों का हुजूम उमड़ पड़ा है। जोरदार नारेबाजी की जा रही है। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने नोएडा के डीसीपी से बातचीत शुरू की है। इस दौरान कार्यकर्ता जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल ने नोएडा डीसीपी को जानकारी दी है कि वे लोग हाथरस जाना चाहते हैं। इधर, पुलिस की ओर से उन्हें बताया गया है कि उत्तर प्रदेश में पेंडेमिक एक्ट लागू है। गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे राज्य में सीआरपीसी की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू की गई है। लिहाजा,आप लोग गौतमबुद्ध नगर की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकते हैं।

दूसरी ओर किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने व्यापक बंदोबस्त किए हैं। सबसे पहले डीएनडी टोल प्लाजा पर ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया गया है। सभी लेन पर तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेडिंग के ठीक पीछे आंसू गैस छोड़ने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। फायर ब्रिगेड लगाई गई है। इसके बाद पुलिस कर्मियों की दो लाइन तैनात की गई हैं, जो लाठियां लेकर खड़े किए गए हैं। इनके ठीक पीछे महिला ब्रिगेड को लगाया गया है। महिला ब्रिगेड भी लाठियों के साथ तैनात है। इसके बाद तीन और लाइन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई हैं। कुल मिलाकर डीएनडी को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने अभेद्य किले के रूप में तैयार किया है। यहां से निकलकर जाना राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए आसान नहीं होगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.