यूपी के कैबिनेट मिनिस्टर और क्रिकेटर चेतन चौहान की कोरोना से मौत

यूपी के कैबिनेट मिनिस्टर और क्रिकेटर चेतन चौहान की कोरोना से मौत

यूपी के कैबिनेट मिनिस्टर और क्रिकेटर चेतन चौहान की कोरोना से मौत

Tricity Today | चेतन चौहान

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को कोरोना वायरस ने एक और बड़ा झटका दिया है। रविवार को राज्य सरकार के कैबिनेट मिनिस्टर और भारतीय क्रिकेटर चेतन चौहान का निधन हो गया है। उन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। चेतन चौहान की मौत के बाद उत्तर प्रदेश समेत देशभर में उनके चाहने वाले शोकाकुल हो गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद कर रहे हैं। वह अभी उत्तर प्रदेश सरकार में सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, नागरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री थे।

चेतन चौहान 73 वर्ष के थे। 21 जुलाई 1947 को उनका जन्म मेरठ में हुआ था। चेतन चौहान भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे थे। उन्होंने भारत की ओर से 40 अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच खेले थे। दिल्ली और महाराष्ट्र की ओर से रणजी ट्रॉफी के शानदार खिलाड़ी रहे हैं। 1970 के दशक में वह लीजेंड क्रिकेटर सुनील गावस्कर के नियमित ओपनिंग पार्टनर रहते थे। चेतन चौहान को जून 2016 में नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ फैशन टेक्नोलॉजी का चेयरमैन नियुक्त किया गया था।

भाजपा के साथ अच्छी पॉलिटिकल पारी भी खेली

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के गठन के वक्त उन्हें युवा और खेल मामलों का मंत्री बनाया गया था। पिछले बदलाव में उन्हें वह अभी उत्तर प्रदेश सरकार में सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, नागरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री थे।  वह अमरोहा से दो बार 1991 और 1998 में सांसद चुने गए थे। 2017 में उन्होंने अमरोहा से विधानसभा चुनाव लड़ा और वह जीतकर यूपी विधानसभा पहुंचे थे। योगी आदित्यनाथ सरकार में उन्हें युवा और खेल मामलों का मंत्री बनाया गया था।

कोरोना की पिच पर आउट हो गए चेतन चौहान

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह चेतन चौहान को परेशानी हुई। जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनका कोरोना वायरस टेस्ट हुआ। जिसमें उन्हें पॉजिटिव पाया गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टरों ने उन्हें काफी बचाने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। अंततः शाम करीब 5:30 बजे चेतन चौहान की मृत्यु हो गई है। 

न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम से चेतन चौहान का अनोखा रिश्ता रहा

चेतन चौहान ने 25 सितंबर 1969 को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेला था। 13 अप्रैल 1981 को न्यूजीलैंड के खिलाफ ही उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट मैच खेला था। चेतन चौहान ने 1 अक्टूबर 1978 को पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था। यह बड़ा इत्तेफाक रहा कि 15 फरवरी 1981 को चेतन चौहान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही अंतिम एकदिवसीय मैच खेला था। चेतन चौहान भारतीय क्रिकेट टीम में बतौर ऑलराउंडर लंबे अरसे तक सक्रिय रहे। उनका पूरा नाम चेतेंद्र प्रताप सिंह चौहान था। शॉर्ट नेम के तौर पर लोग उन्हें चेतन चौहान कहकर पुकारते थे।

कोरोना के कारण यूपी कैबिनेट में दूसरी मौत

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार कैबिनेट में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले राज्य की बेसिक शिक्षा मंत्री कमला रानी वरुण भी कोरोना वायरस के कारण मौत के मुंह में चली गई थीं। अब चेतन चौहान कि रविवार को मौत हुई है। राज्य सरकार के कई और मंत्री कोरोना वायरस की चपेट में हैं। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भी करीब एक सप्ताह पहले संक्रमण हो गया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.