BIG BREAKING: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी किसानों का कब्जा, जेवर टोल प्लाजा पर धरना शुरू

BIG BREAKING: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी किसानों का कब्जा, जेवर टोल प्लाजा पर धरना शुरू

BIG BREAKING: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी किसानों का कब्जा, जेवर टोल प्लाजा पर धरना शुरू

Tricity Today | यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी किसानों का कब्जा, जेवर टोल प्लाजा पर धरना शुरू

केंद्र सरकार के किसान कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में शामिल होने दिल्ली जा रहे किसानों को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने जेवर टोल प्लाजा पर रोक लिया है। किसानों का यह जत्था आगरा से नोएडा की तरफ जाने वाले तीन एंट्री को बंद करके धरने पर बैठ गया है। हालात संभालने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान मौके पर तैनात किए गए हैं। अभी यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक से जुड़ी कोई परेशानी नहीं है, लेकिन जानकारी मिल रही है कि अलीगढ़ और आगरा से बड़ी संख्या में किसान गौतमबुद्ध नगर की ओर बढ़ रहे हैं। लिहाजा, किसानों की संख्या बढ़ने पर दिक्कत पैदा हो सकती है। ऐसे में संभावना है कि किसानों को पीछे भी रोका जा सकता है।

जैसे-जैसे दिल्ली के चारों ओर किसानों का धरना बढ़ता जा रहा है, उसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में किसान नोएडा और गाजियाबाद पहुंचने लगे हैं। अब इसी सिलसिले में शनिवार की सुबह अलीगढ़, मथुरा और आगरा से किसान दिल्ली जा रहे हैं। इनमें से एक जत्थे को यमुना एक्सप्रेस-वे के जेवर टोल प्लाजा पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने रोक लिया है। पीछे से किसानों के आने की जानकारी मिलने के बाद टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी तैनात की गई हैं। टोल प्लाजा पर रोके गए किसानों ने दिल्ली जाने की कोशिश की। पुलिस के संख्या बल के सामने किसान प्लाजा पार नहीं कर सके। अब किसानों ने यहीं धरना शुरू कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक तीन गेट किसानों ने घेर लिए हैं। गौतमबुद्ध नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अभी ट्रैफिक को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर निर्बाध रूप से ट्रैफिक चल रहा है।

किसानों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाते समय भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान और राष्ट्रीय महासचिव अनिल तालान ने टप्पल में पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार से वार्ता विफल हुई तो भाकियू यमुना एक्सप्रेस-वे जाम करेगी। दोनों नेताओं ने कहा कि सरकार किसान विरोधी बिल को जब तक वापस नहीं लेती, भाकियू का आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि देश की सरकारें अन्नदाता को छलती आ रही हैं। केंद्र सरकार व किसानों के बीच वार्ता कई बार विफल हो चुकी है। भाजपा की सरकार ने छह साल में किसानों का जितना अहित किया है उतना कांग्रेस की सरकारें छह दशक में नहीं कर सकीं।

कहा कि आज किसान अपनी जीविका के लिए लड़ रहा है। वर्तमान सरकार ने देश में गृह युद्ध जैसी स्थित बना दी है। भारतीय किसान यूनियन दिल्ली के यूपी बॉर्डर पर धरना दे रही है। आने वाले समय में किसानों व सरकार की वार्ता विफल होती है तो भाकियू टिकैत गुट यमुना एक्सप्रेस-वे को जाम करेगा। अब किसान चुप बैठने वाला नहीं हैं। जल्द ही सभी किसान संगठन वार्ता कर कठोर फैसले लेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.