मां-बाप का इकलौता बेटा था अमन, 10 दिन पहले मनाई थी मैरिज एनिवर्सरी 

नोएडा में सीएनजी पंप पर युवक की पीट-पीटकर हत्या : मां-बाप का इकलौता बेटा था अमन, 10 दिन पहले मनाई थी मैरिज एनिवर्सरी 

मां-बाप का इकलौता बेटा था अमन, 10 दिन पहले मनाई थी मैरिज एनिवर्सरी 

Tricity Today | मृतक की फाइल फोटो

Noida News : गाजियाबाद में लोनी क्षेत्र के रिस्तल गांव निवासी अमन कसाना की सोमवार रात ग्रेटर नोएडा में सीएनजी पंप पर कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मंगलवार देर शाम गांव रिस्तल के शमशाम घाट पर शव का दाह संस्कार कर दिया गया। अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों को जब उसकी मौत का पता चला तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। 

1 साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया 
अमन कसाना के पिता राजकुमार ने बताया कि उनका बेटा अमन इकलौता था। उसकी शादी दो साल पहले नोएडा में रहने वाली कुंतेश के साथ हुई थी। एक साल पहले उनकी बेटी हुई थी। 10 दिन पहले उन्होंने अपनी शादी की दूसरी वर्षगांठ मनाई थी। कुछ समय पहले अमन की बहन सोनू की शादी नोएडा के बिसरख गांव में हुई थी। सोमवार को अमन ने अपने पिता को फोन कर कहा कि वह अपनी बहन को लेने के लिए नोएडा जा रहा है। 

कालकाजी मंदिर था जाना 
मंगलवार सुबह उसे अपनी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर दिल्ली के कालकाजी मंदिर जाना था। राजकुमार ने बताया कि उन्हें बीपी, सुगर व अन्य बीमारी है। उनका बेटा ही उनका ध्यान रखता था। अमन को कुछ दिनों पहले पेट में इंफेक्शन हो गया था। नोएडा में उसका इलाज हुआ था। अमन के ठीक होने पर कालकाजी मंदिर में पूजा करने के लिए बोला गया था। 

मौत से 1 घंटे पहले की थी मां से बात 
अमन कसाना की पत्नी कुंतेश ने बताया कि उनके पति की कोई गलती नहीं थी। फिर भी उन्हें मार डाला। आरोपियों फांसी की सजा होनी चाहिए। मौत से करीब एक घंटे पहले अमन ने फोन पर मां से बात की थी। अमन ने कहा कि था वह जल्दी घर जाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.