जिलाध्यक्ष बोले- पार्टी के सिपाही डरने वाले नहीं, जारी रहेगी लड़ाई

नोएडा में संजय सिंह की गिरफ्तारी से कार्यकर्ताओं में रोष : जिलाध्यक्ष बोले- पार्टी के सिपाही डरने वाले नहीं, जारी रहेगी लड़ाई

जिलाध्यक्ष बोले- पार्टी के सिपाही डरने वाले नहीं, जारी रहेगी लड़ाई

Google Image | प्रेस वार्ता

Noida News : आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह की ED द्वारा गिरफ्तारी के बाद कार्यकर्ताओं में रोष है। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में पदाधिकारी पार्टी का पक्ष रख रहे हैं। साथ ही केंद्र सरकार पर निशाना भी साध रहे हैं। नोएडा में आम आदमी पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान ज़िला प्रभारी सीएम चौहान ने कहा कि यह कार्रवाई, मोदी-अडानी के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज को दबाने की साजिश है।

जिला प्रभारी ने किए खड़े सवाल 
सीएम चौहान ने कहा कि 2024 में मोदी इंडिया गठबंधन से चुनाव हार रहे हैं। इस बौखलाहट में इंडिया की मजबूत आवाज संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया है। फर्जी शराब घोटाले के मुख्य अभियुक्तों ने 14 बार ईडी को बयान दिए, लेकिन उन बयानों में कभी संजय सिंह का नाम नहीं लिया। सांसद संजय सिंह कोई अंजान व्यक्ति नहीं है। क्या अभियुक्त को इतनी बार बयान देते हुए सांसद संजय सिंह का नाम याद नहीं आया? अचानक ईडी द्वारा अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त से संजय सिंह के खिलाफ बयान दिलवाया गया। महीनेभर के अंदर अभियुक्त को जमानत मिल गई और ईडी ने उसकी जमानत का कोई विरोध नहीं किया। जमानत के कुछ दिन बाद ही उसको सरकारी गवाह बना दिया गया।

समाज के कमजोर वर्गों की आवाज है संजय सिंह
जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र जादौन ने कहा कि संजय सिंह ने मणिपुर हिंसा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने जैसे जघन्य अपराध के खिलाफ सदन में आवाज उठाई तो उन्हें राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। वह आज तक निलंबित हैं। सांसद संजय सिंह लगातार दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं।

पूरा मामला फर्जी 
जिलाध्यक्ष ने भूपेंद्र जादौन ने कहा कि सांसद संजय सिंह के खिलाफ पूरा मामला फर्जी, बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित है। हम लोग इससे डरने वाले नहीं हैं। पूरा देश सांसद संजय सिंह के साथ खड़ा है। मोदी की तानाशाही से डरने वाले नहीं हैं। इस तानाशाही के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। प्रेसवार्ता के दौरान जिला महासचिव राकेश अवाना, जिला प्रवक्ता राहुल सेठ, जिला उपाध्यक्ष प्रवीन धीमान, जतन भाटी, गजेंद्र चौधरी, ध्रुव साहनी सिंगराज सिंह आदि मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.