लोकनायक ने गांधी मैदान से किया था संपूर्ण क्रांति उद्घोष

नोएडा में जयंती पर याद किए गए जयप्रकाश नारायण : लोकनायक ने गांधी मैदान से किया था संपूर्ण क्रांति उद्घोष

 लोकनायक ने गांधी मैदान से किया था संपूर्ण क्रांति उद्घोष

Tricity Today | जयंती पर याद किए गए जयप्रकाश नारायण

Noida News : भारतीय सोशलिस्ट मंच के सेक्टर 11 स्थित प्रदेश कार्यालय पर स्वतंत्रता सेनानी  जयप्रकाश नारायण की जयंती पर मंच के सदस्यों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एक गो​ष्ठी का आयोजन किया गया। उसमें मंच के सदस्यों ने जेपी बाबू के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

मरणोपरांत मिला था भारतरत्न
भारतीय सोशलिस्ट मंच के प्रभारी देवेन्द्र सिंह अवाना ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने 'क्रांति' नामक आन्दोलन चलाया। वे समाजसेवक थे, जिन्हें 'लोकनायक' के नाम से भी जाना जाता है। साल 1998 में उन्हें मरणोपरांत भारतरत्न से सम्मानित किया गया। पटना के हवाई अड्डे का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। दिल्ली सरकार का सबसे बड़ा अस्पताल 'लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल' भी उन्हीं के नाम पर है। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने पटना के गांधी मैदान में छात्रों के विशाल समूह के समक्ष 'सम्पूर्ण क्रान्ति' का उद्घोष किया था। छात्रों और युवकों की कुछ मांगें थीं, जिन्हें कोई भी सरकार आसानी से नहीं मान सकती थी। जयप्रकाश नारायण ने कहा था, 'भ्रष्टाचार मिटाना, बेरोजगारी दूर करना, शिक्षा में क्रांति लाना आदि ऐसी चीजें हैं, जो आज की व्यवस्था से पूरी नहीं हो सकतीं हैं, क्योंकि वे इस व्यवस्था की ही उपज हैं। वे तभी पूरी हो सकती हैं, जब सम्पूर्ण व्यवस्था बदल दी जाए।

सात क्रांतियों से बना संपूर्ण क्रांति
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र गुर्जर ने कहा कि लोकनायक की सम्पूर्ण क्रांति में सात क्रांतियां शामिल हैं। इनमें राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक, शैक्षणिक व आध्यात्मिक क्रांति को शामिल किया गया था। इन सातों क्रांतियों को मिलाकर सम्पूर्ण क्रान्ति होती है। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण की एक हुंकार पर नौजवानों का जत्था सड़कों पर निकल पड़ता था। बिहार से उठी सम्पूर्ण क्रांति की चिंगारी देश के कोने-कोने में आग का शोला बनकर भड़क उठी थी। जेपी के नाम से मशहूर जयप्रकाश नारायण घर-घर में क्रांति का पर्याय बन चुके थे। इस मौके पर नरेन्द्र शर्मा, गौरव मुखिया, विक्की तंवर, सन्नी गुर्जर ,विद्याराम, पप्पू राम और कौशल आदि कल्याणकारी मित्र उपस्थित रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.