सूर्य उपासना का महापर्व छठ 17 नवंबर से, सेक्टर-75 में होगा भव्य आयोजन

Noida News : सूर्य उपासना का महापर्व छठ 17 नवंबर से, सेक्टर-75 में होगा भव्य आयोजन

सूर्य उपासना का महापर्व छठ 17 नवंबर से, सेक्टर-75 में होगा भव्य आयोजन

Google Image | Symbolic Image

Noida : सूर्य उपासना का महान छठ महापर्व कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। दीपावली के छह दिन बाद लोक आस्था का महापर्व होता है। वैसे तो छठ का त्योहार पूरे भारत सहित दुनिया के कई देशों में मनाया जाता है, लेकिन बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी यूपी में इसकी छटा कुछ अलग ही होती है।

चार दिनों का होता है महापर्व
छठ महापर्व भगवान सूर्य और षष्ठी माता को समर्पित है। छठ पूजा में संतान सहित परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य, सफलता और दीर्घायु के लिए महिलाएं और पुरुष 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं। इस वर्ष छठ का त्योहार 17 से 20 नवंबर 2023 तक मनाया जाएगा।छठ का पर्व चार दिन तक चलता है। नहाय-खाय से इसकी शुरुआत होती है, फिर दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।

भगवान सूर्य की उपासना का है यह विधान
छठ पूजा में भगवान सूर्य और छठी मय्या की उपासना करने का विधान है। मान्यता है कि जो इस महापर्व में 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर नियमों का पालन करते हुए विधि-विधान से इनकी आराधना करता हैं, उन्हें संतान सुख, बच्चे को बेहतर स्वास्थ, सूर्य के समान तेज, बल प्राप्त होता है और परिवार के सदस्यों के सभी कष्ट दूर होते हैं तथा उनका कल्याण होता है।

बच्चों पर आने वाले संकट का होता है नाश
षष्ठी देवी की कृपा से बच्चों पर आने वाले हर संकट का नाश होता है। ऐसी मान्यता है कि इस पर्व को सबसे पहले सूर्यपुत्र कर्ण ने सूर्य की पूजा करके शुरू किया था। वह घंटों पानी में रहकर भगवान सूर्य की आराधना करते थे, जिसके परिणाम स्वरूप उन्हें सूर्य की कृपा से ही महान योद्धा बनने का अवसर प्राप्त हुआ।

सेक्टर-75 नोएडा के सेंट्रल पार्क में भव्य आयोजन
पिछले सात वर्षों से श्री सूर्यदेव पूजा समिति, नोएडा के अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सेक्टर-75 में श्री छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में श्री छठ पूजा महोत्सव 2023 का भव्य आयोजन किया जाएगा। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य की सुविधा प्रदान करने के लिए सेंट्रल पार्क में सुंदर तालाब का निर्माण किया जाएगा। 19 नवंबर के सायंकाल अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रख्यात कलाकारों द्वारा हिन्दी, भोजपुरी, मैथिली, मगही, अंगिका, पंजाबी, राजस्थानी, हरियाणवी, गढ़वाली, कुमाऊंनी सहित विभिन्न लोकभाषा में गायन, वादन और नृत्य आदि प्रस्तुत किए जाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.