Gautam Buddh Nagar : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई (Suhas LY IAS) को वर्ष 2021 का खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन अवॉर्ड मिलने पर हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी के गुरुतर दायित्व का निर्वाह करते हुए अपने चुने हुए खेल (पैरा बैडमिण्टन) में सफलता हासिल करना सभी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स कमेटी ने सुहास एलवाई का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए प्रस्तावित किया है। हालांकि इसमें टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक में मेडल जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों का भी नाम शामिल है। लेकिन पैरालंपिक्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले डीएम सुहास एलवाई के लिए यह बेहद खास होगा।
वह देश के पहले आईएएस हैं, जिन्होंने पैरालंपिक्स में सिल्वर मेडल जीता है। अब उन्हें अर्जुन पुरस्कार मिलेगा, तो यह उनकी उपलब्धियों में चार चांद होगा। यह खिताब हासिल करने वाले भी वह पहले आईएएस बनेंगे। बताते चलें कि अर्जुन अवॉर्ड्स देश के सर्वोच्च सम्मानित खेल पुरस्कारों में से एक है। शानदार प्रदर्शन कर दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले तथा खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन देने वाली खेल विभूतियों को यह अवार्ड दिया जाता है।