डीएम सुहास एलवाई को मिला नोएडा और ग्रेटर नोएडा सीईओ का चार्ज, यमुना संभालेंगी मोनिका रानी

BIG BREAKING : डीएम सुहास एलवाई को मिला नोएडा और ग्रेटर नोएडा सीईओ का चार्ज, यमुना संभालेंगी मोनिका रानी

डीएम सुहास एलवाई को मिला नोएडा और ग्रेटर नोएडा सीईओ का चार्ज, यमुना संभालेंगी मोनिका रानी

Tricity Today | सुहास एलवाई और मोनिका रानी

Noida/Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर के तीनों विकास प्राधिकरण नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का कार्यभार बदला गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ का चार्ज गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई को सौंपा गया है। इसी तरह यमुना अथॉरिटी का चार्ज वहां की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोनिका रानी को दिया गया है। दरअसल, नोएडा व ग्रेटर नोएडा की सीईओ ऋतु महेश्वरी और यमुना अथॉरिटी के सीईओ अरुणवीर सिंह 'यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' का प्रचार-प्रसार करने के लिए विदेश जा रहे हैं। यह दोनों अफसर 18 दिसंबर तक विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान प्राधिकरण की जिम्मेदारी सुहास एलवाई और मोनिका रानी संभालेंगे।

लाना है 60-60 हजार करोड़ का निवेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्ष 2027 तक राज्य को 'वन ट्रिलियन यूएस डॉलर इकोनामी' बनाना चाहते हैं। इसके लिए पूरी सरकार दिन-रात काम कर रही है। अगले साल 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में 'यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' का आयोजन किया जाएगा। उस समिट के जरिए यूपी में 10 लाख करोड़ रुपए का निवेश हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी को 1.20 लाख करोड़ रुपए निवेश लाने का टारगेट मिला है। इसी टारगेट को पूरा करने के लिए ऋतु महेश्वरी और अरुणवीर सिंह विदेश दौरे पर निकले हैं। इन लोगों का प्रतिनिधिमंडल 18 नवंबर तक जापान, कोरिया और सिंगापुर समेत कई देशों का दौरा करेगा।

कौन हैं सुहास और मोनिका
सुहास एलवाई उत्तर प्रदेश कैडर में वर्ष 2007 बैच के आईएएस अफसर हैं। मूल रूप से कर्नाटक में शिमोगा जिले के रहने वाले हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने सुहास एलवाई को 3 मार्च 2020 को गौतमबुद्ध नगर का जिलाधिकारी बनाकर भेजा था। वह तब से जिले में काम कर रहे हैं। सुहास एलवाई महाराजगंज, सोनभद्र, हाथरस, प्रयागराज, जौनपुर और आजमगढ़ के जिलाधिकारी रह चुके हैं। दूसरी तरफ मोनिका रानी मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं। वे यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी में बतौर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तैनात हैं। 27 नवंबर 2019 से यहां कार्यरत हैं। मोनिका रानी चित्रकूट और फर्रुखाबाद की डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट रह चुकी हैं। गुरुग्राम की रहने वाली हैं। बीकॉम के बाद अर्थशास्त्र में एमए किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.