किसानों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांगा न्याय, नोएडा पुलिस पर लगाए ये आरोप

बड़ी खबर : किसानों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांगा न्याय, नोएडा पुलिस पर लगाए ये आरोप

किसानों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांगा न्याय, नोएडा पुलिस पर लगाए ये आरोप

Google Image | किसानों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत की

Noida News : 2 दिन पहले, 11 अक्टूबर को नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर रहे 81 गांवों के हजारों किसानों और पुलिस के बीच हुई मारपीट और धक्का-मुक्की के मामले में अब किसानों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत की है। किसान नेता सुखबीर खलीफा की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि पुलिस-प्रशासन ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया और किसानों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया है। पुलिस ने गैर कानूनी तरीके से किसानों पर लाठीचार्ज किया और 10 से ज्यादा किसानों को चोटें आई हैं।

इस पूरे मामले में नोएडा पुलिस एक्शन में है। शहर के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में प्राधिकरण के एक अफसर की तहरीर पर 31 मुख्य आरोपियों समेत 1500 से ज्यादा किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया ह। हालांकि किसानों ने भी उसी थाने में अपनी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब किसान नेता सुखबीर खलीफा ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पूरे मामले से अवगत कराया है। उन्होंने नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों पर अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। 

सुखबीर खलीफा ने कहा है कि एडीसीपी की अगुवाई में पुलिस ने निहत्थे किसानों पर लाठीचार्ज किया। महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उन पर भी हमले हुए। इस दौरान 10 से ज्यादा लोगों को चोटे आई हैं। किसान राजेंद्र यादव का घुटना टूट गया है। एक अन्य साथी अशोक चौहान का हाथ टूट गया। इन सबकी जिम्मेदारी नोएडा पुलिस की है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है। खलीफा ने कहा है कि पीड़ित किसानों ने नोएडा के सेक्टर-20 थाने में शिकायत दी, लेकिन अब तक उस पर कोई एक्शन नहीं हुआ है। जबकि प्राधिकरण के अफसर की शिकायत पर 1500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

बताते चलें कि नोएडा प्राधिकरण से अपनी मांगों को लेकर गौतमबुद्ध नगर के 81 गांवों के हजारों किसान पिछले 43 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते 11 अक्टूबर को प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और भीड़ ने नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के गेट पर ताला लगा दिया। किसानों को रोकने के क्रम में पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की हुई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ी। उनके साथ अभद्रता का व्यवहार किया। दूसरी तरफ किसानों का कहना है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ जबरदस्ती की। जबरन बल प्रयोग कर लाठी चार्ज किया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.