महिला फिटनेस ट्रेनर ने सड़क पर दौड़ना किया बंद, पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम

नोएडा में शोहदों का इकबाल बुलंद : महिला फिटनेस ट्रेनर ने सड़क पर दौड़ना किया बंद, पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम

महिला फिटनेस ट्रेनर ने सड़क पर दौड़ना किया बंद, पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम

Google Images | Symbolic Image

Noida News : नोएडा के थाना सेक्टर 113 क्षेत्र में रविवार को एक महिला फिटनेस ट्रैनर के साथ सड़क पर दौड़ते समय बाइक सवार 6 युवकों ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले में अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं, इस घटना के बाद से महिला ने दौड़ना बंद कर दिया है। महिला ने अपने पास आने वाली अन्य महिलाओं को भी रात और सुबह के समय सड़क पर न जाने की सलाह दी है। 

एक्स पर पुलिस से की थी शिकायत
सेक्टर-120 स्थित प्रतीक लॉरेल सोसायटी में रहने वाली महिला फिटनेस ट्रेनर रविवार सुबह एफएनजी फ्लाईओवर के पास दौड़ रही थी। एक बाइक पर सवार छह युवकों ने बाइक रोककर महिला पर गंदे कमेंट किए। उसे छूने की भी कोशिश की। पीछे दौड़ रहा उसका पति जब उनके पास पहुंचा तो आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दंपती वहां से घर चले गए। सूचना मिलने पर हाई राइज फेडरेशन 100एक्स ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर को एक्स पर पोस्ट की। जवाब में सेक्टर-113 थाना प्रभारी ने महिला से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। 

आरोपियों की अभी तक नहीं हुई पहचान 
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की बात भी कही, लेकिन अभी तक किसी की पहचान नहीं हो पाई है। महिला का कहना है कि वह अब तक उस दिन का मंजर नहीं भूल पाई है। उन्होंने अब दौड़ना बंद कर दिया। वह घर में ही एक्सरसाइज कर लेती हैं। साथ ही उनके पास ट्रेनिंग लेने आने वाली महिलाओं को भी रात और सुबह में न दौड़ने की सलाह दे रही हैं। 

पुलिस का बयान 
इस संबंध में थाना सेक्टर-113 प्रभारी का कहना है कि महिला की तरफ से किसी भी तरह की शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। जांच जारी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.