नोएडा पर बाढ़ का संकट, यमुना नदी के तटबंध में आई दरार, गांवों, सेक्टरों और सोसायटीज में दहशत

BIG BREAKING : नोएडा पर बाढ़ का संकट, यमुना नदी के तटबंध में आई दरार, गांवों, सेक्टरों और सोसायटीज में दहशत

नोएडा पर बाढ़ का संकट, यमुना नदी के तटबंध में आई दरार, गांवों, सेक्टरों और सोसायटीज में दहशत

Tricity Today | यमुना नदी के तटबंध में आई दरार

Noida News : हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में झमाझम बारिश हो रही है। जिसके चलते यमुना नदी उफान पर है। पिछले दो दिनों से यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके चलते नोएडा शहर पर भी बाढ़ का संकट मंडरा रहा है। नोएडा शहर को यमुना नदी की बाढ़ से बचाने के लिए सिंचाई विभाग ने करीब 22 किलोमीटर लंबा तटबंध बना रखा है। यह पुस्ता वर्ष 1976 में आयी भीषण बाढ़ के बाद बनाया गया था। ताज़ा जानकारी के मुताबिक सेक्टर-151 के पीछे इस तटबंध में दरार पड़ गई है। जिसकी वजह से आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। आपको बता दें कि यमुना नदी के तटबंध और नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के बीच एक दर्जन से ज़्यादा सेक्टर और हाउसिंग सोसाइटी में लाखों परिवार रह रहे हैं। यहां कई गांव भी हैं। 

खतरे के निशान से ऊपर बाह रही है यमुना
इस वक़्त यमुना नदी उफान पर है। पिछले कई दिनों से जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। यमुना नदी के किनारे औखला बर्ड सेंचुरी से लेकर ग्रेटर नोएडा में मोमना थल तक हजारों की संख्या में अवैध फार्म हाउस बसे हुए हैं। इन फार्म हाउसों में बाढ़ का पानी भर गया है। सिंचाई विभाग की चेतावनी के बाद सारे फार्म हाउस खाली किए जा रहे हैं। फार्म हाउसों के मालिक अपना कीमती सामान ले कर भाग रहे हैं।

दो गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, घर खाली हुए
बुधवार को गौतमबुद्ध नगर फायर ब्रिगेड ने यमुना के खादर क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था। मांगरोली, छपरोली गांवों के निचले इलाकों से घर खाली करवा दिए गए हैं। यमुना खादर इलाके में नोएडा अथॉरिटी की गऊशाला को भी खाली किया गया है। बुधवार को फायर ब्रिगेड ने 300 गाय और बछड़ों को रैस्क्यू किया। फार्म हाउस वाले पूरे इलाके में यमुना नदी का पानी सड़कों पर बह रहा है।

पिछले 24 घंटों में पानी बहुत ज्यादा बढ़ा
अब दूसरी ओर यमुना नदी के तटबंध में दरार देखी गई है। तटबंध में यह दरारें पानी के तेज बहाव और दबाव के कारण बनी हैं। आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति पिछले 24 घंटों के दौरान देखने को मिली है। पिछले 24 घंटों में यमुना नदी में पानी की मात्रा बेतहाशा बढ़ी है। दूसरी ओर इन हालात पर नजर रखने के लिए सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन लगातार निचले इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं। नोएडा से लेकर जेवर तक सिंचाई विभाग ने 17 बाढ़ चौकी स्थापित की हैं। कलेक्ट्रेट और सिंचाई विभाग के मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। नोएडा से लेकर जेवर तक यमुना नदी के नजदीकी 60 गांवों में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है।

सेक्टर 151 के पीछे तटबंध में आई दरारें
यमुना नदी के तटबंध में दरार आने के कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और तटबंध के बीच बसे सेक्टरों, गांवों और हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले लाखों लोग परेशान हैं। अगर तटबंध में पानी का रिसाव हुआ तो इस पूरे इलाके में तेजी से जल भराव होगा। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा में सेक्टर-151 और सेक्टर-151ए के नजदीक तटबंध में लंबी लंबी दरारें देखने के लिए मिली हैं। ग्रामीणों ने इन दरारों के वीडियो और फोटो जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग को भेजे हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर देखने के लिए मिल रही हैं। लोग चिंता जाहिर कर रहे हैं। दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग का कहना है कि चौबीसों घंटे यमुना के तटबंधों की निगरानी की जा रही है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.