पहले फैसला फिर एफआईआर, हत्या की कोशिश का आरोप

नोएडा में रिटायर कमिश्नर के बेटे ने लड़की को कार से मारी टक्कर : पहले फैसला फिर एफआईआर, हत्या की कोशिश का आरोप

पहले फैसला फिर एफआईआर, हत्या की कोशिश का आरोप

Google Photo | Symbolic Photo

Noida News : बीते 30 दिसंबर 2023 की रात को नए साल का जश्न था। गौतमबुद्ध नगर में हाई अलर्ट था। इसी दौरान शहर में एक बड़ी घटना हुई। आरोप है कि सड़क पर एक लड़की की कार से कुचलकर हत्या करने का प्रयास किया गया। इस मामले में घटना के एक महीने बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं, पुलिस अफसरों का कहना है कि पीड़ित और आरोपी के बीच समझौता हो गया था। अब नए सिरे से कार्रवाई की मांग की गई है। लिहाजा, एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

क्या है मामला
यह घटना थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में स्थित गार्डन गैलरिया मॉल की है। मोहित यादव नाम के युवक ने मुकदमा दर्ज करवाया है। उनका आरोप है कि बीते 30 दिसंबर 2023 की रात वह अपनी मंगेतर नेहा के साथ गार्डन गैलरिया मॉल में पार्टी करने के लिए गए थे। मोहित के साथ उसके ऑफिस की टीम भी थी। रात करीब 12:30 बजे वह वापस लौट रहे थे। इस दौरान उनकी मंगेतर नेहा पार्किंग के बाहर खड़ी हो गई और वह गाड़ी लेने अंदर चले गए। 

'नेहा की हत्या करने का प्रयास हुआ'
मोहित यादव का आरोप है कि उसी दौरान एक वॉल्सवेगन कार ने नेहा को टक्कर मार दी। इस हादसे में नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने आरोपी वॉल्सवेगन कार चालक को घेर लिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नेहा को इलाज के लिए सेक्टर-27 में स्थित कैलाश अस्पताल में एडमिट करवाया।

रिटायर कमिश्नर का बेटा है आरोपी
मोहित यादव ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "मैं कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी गया। जहां मुझे पता चला कि आरोपी कार चालक रिटायर कमिश्नर का बेटा है।" इस मामले में नोएडा के एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि यह मामला 30 दिसंबर की रात का है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया था। उसके बाद पीड़ित ने खुद आरोपी से बातचीत करके समझौता कर लिया था। आरोपी युवक ने इलाज के लिए पैसे दिए थे। उसके बाद अब दोबारा मोहित यादव पुलिस के पास मुकदमा दर्ज करवाने के लिए आया। पुलिस ने प्राथमिक शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.