महिला उपाध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए, प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा मामला

गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस की बैठक में हंगामा: महिला उपाध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए, प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा मामला

महिला उपाध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए, प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा मामला

Tricity Today | बैठक में हुआ हंगामा

  • उपाध्यक्ष पारुल चौधरी ने पार्टी के बिसरख ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष रवि भाटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
  • यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी इस मामले की जानकारी दी थी
  • वरिष्ठ पदाधिकारी कार्रवाई के बजाए अहम जिम्मेदारी वाले पदों से नवाज रहे हैं
  • यूपी महासचिव विदित चौधरी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर दिया है
Gautam Buddh Nagar: गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की आज अहम बैठक हुई। लेकिन एक पुराने मुद्दे को लेकर हंगामा हो गया और बैठक बेनतीजा ही रोकनी पड़ी। जिला कांग्रेस समिति की उपाध्यक्ष पारुल चौधरी ने पार्टी के बिसरख ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष रवि भाटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर हंगामा शुरू हुआ। पारुल का आरोप है कि रवि भाटी ने उन्हें अश्लील साहित्य भेजा था। इसकी शिकायत उन्होंने पार्टी के यूपी महासचिव विदित चौधरी और जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी से की थी। साथ ही यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी इस मामले की जानकारी दी थी। मगर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी रवि भाटी पर कार्रवाई के बजाए अहम जिम्मेदारी वाले पदों से नवाज रहे हैं। उनके साथ तस्वीरें और ख़बरें प्रकाशित करवाई जा रही हैं।

इससे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उस विचारधारा को धक्का लगता है, जिसमें महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने का वचन दिया गया है। इस बारे में पारुल चौधरी ने कहा, कुछ महीने पहले उन्हें बिसरख ब्लॉक से पार्टी अध्यक्ष रवि भाटी ने एक अश्लील साहित्य भेजा था। इसकी शिकायत उन्होंने जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी और यूपी महासचिव विदित चौधरी से की थी। साथ ही उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी पूरा घटनाक्रम बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने रवि भाटी को सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का आदेश दिया था। लेकिन महासचिव और जिला अध्यक्ष ने उस आदेश का पालन नहीं किया। महीनों बीत गए हैं, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उल्टे रवि भाटी को नई जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उनका कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस व्यवहार से वह बेहद आहत हैं। कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को समर्पित पार्टी है। लेकिन इस तरह के रवैये से पार्टी की बुनियाद को धक्का लग रहा है।



जिलाध्यक्ष से की शिकायत
इसी साल 30 जनवरी को जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी को दी शिकायत में पारुल चौधरी ने कहा था, 25 जनवरी को रवि भाटी द्वारा भेजे गए अश्लील मैसेज के बारे में बैठक की गई थी। 25 जनवरी की शाम तक रवि भाटी का त्यागपत्र और आपका संलग्न पत्र प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचना था। लेकिन मीटिंग में तय किए गए निर्णय के मुताबिक आप ने रवि भाटी को पद से बर्खास्त नहीं किया। बल्कि उन्हें संगठन के अभियान और जनसभा में लगातार सम्मानित करते हुए उनको महिमामंडित करते रहे। इस दौरान उस कार्रवाई की अनदेखी की गई, जो बैठक में ली गई थी। अगर इस तरह से अनदेखी पदाधिकारियों के साथ हुए बर्ताव पर होती रही, तो न्याय की उम्मीद बेमानी लगेगी। अगर इस पर जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो मैं पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च पदाधिकारियों को दूंगी। मैं इंसाफ के लिए पुरजोर प्रयास करूंगी। 

रवि भाटी को जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है: जिलाध्यक्ष
इस पूरे प्रकरण पर बोलते हुए गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा, रवि भाटी को कई महीने पहले ही सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया गया था। पर वह पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे हैं। फिलहाल उन्हें कोई बड़ा पद नहीं दिया गया है। साथ ही गौतमबुद्ध नगर की पुरानी कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया चल रही है। वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस पर मंथन कर रहे हैं। आपसी सहमति और योग्यता के मुताबिक जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन कर नई जिम्मेदारियां दी जाएगी। नए पदाधिकारियों को नियुक्ति दी जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग
साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने लिखा, मैं गौतमबुद्ध नगर उपाध्यक्ष पारुल चौधरी आज हुई एक घटना के बारे में बताना चाहती हूं। आज हमारी कमेटी के सचिव और ब्लॉक अध्यक्ष ने मेरे मैसेंजर पर बहुत ही अश्लील मैसेज पोस्ट किया। जबकि मैं कमेटी के उपाध्यक्ष पद पर हूं। यह जानते हुए भी उसने इस प्रकार की अनुशासनहीनता और महिलाओं के प्रति उनके मन में दुराभाव दर्शाता है। वह व्यक्ति किसी भी तरह कमेटी और पार्टी के लिए हितकारी नहीं है। उम्मीद है, आप इस तरह की घटना पर संज्ञान लेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे। 

पुरानी कार्यकारिणी बर्खास्त हो चुकी है
इन आरोपों पर बोलते हुए यूपी महासचिव विदित चौधरी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगा गया है। उनके मुताबिक जल्द ही नई कार्यकारिणी गठित की जाएगी। आरोपों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नारी शक्ति की सुरक्षा और पार्टी में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि अगले महीने 9, 10 और 11 अगस्त को उत्तर प्रदेश कांग्रेस पूरे राज्य में न्याय पंचायत स्तर पर जनचेतना यात्रा शुरू करेगी। जिले स्तर पर इसका खाका खींचा जा रहा है। जल्द ही जिलेवार तारीख तय कर कार्यक्रम की तैयारी शुरू की जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.