सुहास एलवाई का डीएनडी पर भव्य स्वागत, फूलों से सजी जीप में घर पहुंचेंगे

नोएडा की शान : सुहास एलवाई का डीएनडी पर भव्य स्वागत, फूलों से सजी जीप में घर पहुंचेंगे

सुहास एलवाई का डीएनडी पर भव्य स्वागत, फूलों से सजी जीप में घर पहुंचेंगे

Tricity Today | सुहास एलवाई का डीएनडी पर भव्य स्वागत

Tokyo Paralympics 2020 : टोक्यो पैरा ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एलवाई (Suhas LY IAS) वापस लौट आए हैं। सुहास एलवाई का नोएडा डीएनडी बॉर्डर पर जोरदार स्वागत किया गया। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन का पूरा लाव-लश्कर उन्हें दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लेने पहुंचा था। दूसरी ओर डीएनडी पर शहर के लोगों ने भव्य स्वागत किया है। डीएम का स्वागत करने के लिए ग्रेटर नोएडा, दादरी और जेवर तक के लोग डीएनडी पर पहुंचे। डीएनडी पर सुहास एलवाई को फूलों से सजी एक खुली जीप पर सवार किया गया। लोग फूल बरसाते हुए और जयकारे लगाते हुए उन्हें डीएम आवास तक लेकर आए हैं। सुहास एलवाई के स्वागत में डीएम आवास को भी फूलों और लाइटों से सजाया गया है।

सोमवार को दोपहर बाद करीब 4:40 बजे सुहास की फ्लाइट दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। मुख्य द्वार पर गौतमबुद्ध नगर के सीडीओ अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव और बलराम सिंह समेत तमाम अफसरों ने मालाएं पहनाकर और गुलदस्ते भेंट करके जोरदार स्वागत किया। हवाई अड्डे से डीएनडी टोल प्लाजा तक सुहास अपनी सरकारी गाड़ी में सवार होकर पहुंचे। डीएनडी पर उनका स्वागत करने के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, दनकौर और जेवर के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। उनके लिए एक खुली जीप को फूलों से सजाया गया। सैकड़ों लोगों ने सुहास एलवाई को फूल मालाएं पहनाई और उनके ऊपर फूलों की बरसात की।



डीएम साहब जिंदाबाद और भारत माता की जय से गूंजा शहर
डीएनडी पर डीएम को खुली जीप पर सवार किया गया। ढोल नगाड़े पीटते हुए भीड़ डीएम को उनके आवास तक लेकर पहुंची है। आवास पर सुहास एलवाई की पत्नी और गाजियाबाद की अपर जिलाधिकारी ऋतु सुहास, गौतमबुद्ध नगर के अपर जिलाधिकारी दिवाकर सिंह और तमाम लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया है। डीएम के आवास पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उनके स्वागत समारोह में शामिल हैं। इस दौरान प्रशासन और पुलिस ने स्वागत समारोह में लोगों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जागरूक किया। शहर के यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस ने खास इंतजाम रखां है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने सुहास एलवाई को बधाई दीं
रविवार को जब सुहास एलवाई ने फाइनल मुकाबले में रजत पदक जीता तो देशभर के लोगों ने उन्हें बधाई दीं। सोशल मीडिया पर सुहास एलवाई छा गए। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीएम को फोन किया और बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी के रूप में सफल सेवाएं देने के साथ एक सफल खिलाड़ी होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी फोन पर बात की। योगी आदित्यनाथ ने डीएम से कहा, "जब आपको नोएडा भेजा गया था तो कोरोनावायरस के कारण महामारी दस्तक दे रही थी। आपने मेहनत की और जिले को महामारी से सुरक्षित रखा। सामान्य रूप से अपने खेल को भी निखारा। जिसके परिणाम स्वरूप न केवल प्रशासनिक क्षेत्र में आपने बड़ी उपलब्धि हासिल की है, बल्कि ओलंपिक में रजत पदक जीतकर हम सभी का नाम रोशन किया है। आप शीघ्र वापस आइए। उत्तर प्रदेश के लोग आपका इंतजार कर रहे हैं।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.