नोएडा की इन सड़कों पर बढ़ाई रफ्तार तो घर पहुंचेगा भारी भरकम चालान, आज से लागू नियम

Traffic Advisory : नोएडा की इन सड़कों पर बढ़ाई रफ्तार तो घर पहुंचेगा भारी भरकम चालान, आज से लागू नियम

नोएडा की इन सड़कों पर बढ़ाई रफ्तार तो घर पहुंचेगा भारी भरकम चालान, आज से लागू नियम

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

  • नोएडा ट्रैफिक सेल और ट्रैफिक पुलिस ने लिए निर्णय
  • नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्पीड 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से घटाकर 75 किलोमीटर प्रतिघंटा
  • भारी वाहनों की लिमिट 80 से घटाकर 60 किमी प्रतिघंटा
  • यातायात नियम 15 फरवरी तक लागू रहेंगे
  • नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों का ऑनलाइन कटेगा चालान
Noida : यमुना एक्सप्रेसवे के बाद नोएडा के शहर के प्रमुख सड़कों पर हल्के वाहनों और भारी वाहनों को लेकर नोएडा ट्रैफिक सेल ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें नोएडा एक्सप्रेसवे, एलिवेटेड रोड, रजनीगंधा चौराहा समेत 75 मीटर चौड़ी सड़कें शामिल हैं। निर्णय मंगलवार को सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल रूम में नोएडा प्राधिकरण नोएडा ट्रैफिक सेल (एनटीसी) और डीसीपी यातायात की बैठक में लिया गया है। बैठक में स्पीड लिमिट भी तय कर दी गई है। यह स्पीड कोहरे के कारण लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए लागू की गई है। लागू की गई स्पीड के ऊपर चलाने वाले वाहनों के आईटीएमएस और ट्रैफिक पुलिस ऑनलाइन चालान करेगी। यह गाइडलाइन 15 फरवरी तक शहर भर में लागू रहे गई।

इन सड़कों पर लागू हुए नियम
  1. एलिवेटेड रोड पर हल्के वाहनों के लिए 50 और भारी वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा।
  2. मास्टर प्लान (एमपी) रोड पर रजनीगंधा चौराहे से सेक्टर-56 टी पॉइंट तक (एमपी 1 रोड) 80 से घटाकर 60 किमी प्रति घंटा।
  3. सेक्टर-18 से सेक्टर-60 अंडरपास (एमपी 2 रोड) कालिंदी कुंज मार्ग पर 60 किमी प्रति घंटा।
  4. सेक्टर-122 (एमपी 3 रोड) पर वाहनों की रफ्तार 80 से घटाकर 60 किमी प्रति घंटा।
  5. नोएडा की सभी 75 मीटर चौड़ी सड़कों पर स्पीड लिमिट स्पीड अधिकतम 60 की गई।
  6. रोड नंबर-6 (सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-71 अंडरपास) डीएससी (दादरी-सूरजपुर-छलेरा) रोड पर भी वाहनों की स्पीड लिमिट 80 से घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहेंगी।
बुधवार से शहर में नए नियम लागू
नोएडा ट्रैफिक सेल के उपमहाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि नए नियम बुधवार से लागू कर दिए गए है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने का काम मंगलवार की शाम से शुरू हो चुका है। अगले दो दिन में बोर्ड लगा दिए जाएंगे। इसके अलावा सड़क किनारे रिफ्लेक्टर और पीले साइन बोर्ड की संख्या बढ़ाई जा रही है। हर बोर्ड पर रेडियम पट्टी लगा दी जाएगी ताकि कोहरे में लोगों को दिशा सूचक बोर्ड दिखने में परेशानी ना हो। एसपी सिंह ने बताया कि सोमवार को गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त यातायात गणेश साहा के साथ हुई बैठक में यह सारे फैसले लिए गए हैं। डीजीएम ने बताया कि नोएडा एलिवेटेड रोड पर हल्के और भारी वाहनों के लिए स्पीड लिमिट घटाई गई हैं। एलिवेटेड रोड पर स्पीड डिटेक्शन कैमरे लगे हुए हैं। सॉफ्टवेयर में जरूरी अपडेट कर दिया गया है। पाबन्दी का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे जाएंगे।

मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे से नीचे गिरी बस
आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ है। झांसी से आगरा होते हुए दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी बस दनकौर के पास एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। करीब 30 फुट नीचे जाकर खाई में गिरी बस का ड्राइवर स्टेरिंग में फंस गया। उसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई और 15 बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस और एक्सप्रेसवे मैनेजमेंट ने शहर के अस्पतालों में भर्ती किया है।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर घटी रफ्तार
सर्दियों में धुंध और कोहरे के मद्देनजर यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) ने ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर वाहनों की रफ्तार घटा दी है। अब 15 दिसंबर यानी बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12:00 बजे से 15 फरवरी 2023 तक हल्के वाहनों की अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा लागू कर दी गई है। भारी वाहन केवल 60 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम रफ्तार से चल पाएंगे। इस गति सीमा का उल्लंघन करने पर वाहनों के मालिकों को ऑनलाइन चालान मिलेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.