पुलिस कमिश्नर, सीईओ और डीएम मौके पर, हादसे की जांच का आदेश

Noida Jalvayu Vihar Wall Collapsed : पुलिस कमिश्नर, सीईओ और डीएम मौके पर, हादसे की जांच का आदेश

पुलिस कमिश्नर, सीईओ और डीएम मौके पर, हादसे की जांच का आदेश

Tricity Today | ऋतु महेश्वरी, डीएम, पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे

Noida Wall Collapsed : नोएडा के सेक्टर-21 में स्थित जलवायु विहार हाउसिंग सोसायटी की बाउंड्रीवॉल गिरने से अब तक 4 मजदूरों की मौत हो चुकी हैं। कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मौके पर गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह, नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी, जॉइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार और जिलाधिकारी सुहास एलवाई पहुंचे हैं। सीईओ ने हादसे की जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, "इस मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई होगी।" दूसरी ओर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पूरा मलबा हटाया जा रहा है। यह काम बहुत तेजी से किया जा रहा है।

जांच होगी, जिम्मेदार बख्शे नहीं जाएंगे : सीईओ
मौके पर मौजूद नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने कहा, "इस मामले की जांच करवाई जाएगी। प्राधिकरण के इंजीनियरों की टीम जांच करेगी। अगर कोई दोषी होगा तो उसके ऊपर एक्शन होगा। किसी भी जिम्मेदार को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल राहत और बचाव कार्य हमारी प्राथमिकता है। कई श्रमिकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कई लोगों की मौत भी हुई हैं।" आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह नोएडा के सेक्टर-21 में स्थित जलवायु विहार हाउसिंग सोसायटी की बाउंड्रीवॉल भरभरा कर गिर पड़ी। यह चारदीवारी करीब 25-30 साल पुरानी थी। जिसका निर्माण जलवायु विहार आवास समिति ने करवाया था। मिली जानकारी के मुताबिक इस बाउंड्रीवॉल की मरम्मत और पुनर्निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ है।

मरने वाले मजदूर बदायूं के निवासी हैं, परिजनों को इत्तला दी गई : पुलिस कमिश्नर
मौके पर पहुंचे गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सिंह ने कहा, "मलबे में दबे सभी मजदूरों को रेस्क्यू किया जा रहा है। नजदीकी प्राइवेट अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस पूरे हादसे की जांच की जाएगी। पता लगाया जाएगा कि इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है। यहां काम कर रहे मजदूर बदायूं के रहने वाले थे। उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। बचाव और राहत का काम अंतिम चरण में है।" मिली जानकारी के मुताबिक बाउंड्रीवॉल पर 13 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मलबे के नीचे सारे मजदूर दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की। इसी दौरान सोसाइटी के निवासियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जाहिर किया
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने 2 ट्वीट किए हैं। जिसमें उन्होंने लिखा जनपद गौतमबुद्ध नगर में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा दुख है। वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उनके उपचार की समुचित व्यवस्था की जाएगी।" दूसरी और हादसे के बारे में सूचना मिलने पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस, प्रशासन और नोएडा अथॉरिटी के आला अफसर मौके पर पहुंचे हैं। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एसडीआरएफ के जवान बचाव और राहत के काम में जुटे हैं।

करीब 25-30 साल पुरानी थी बाउंड्री वॉल
मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर-21 की जलवायु विहार रेजिडेंशियल सोसायटी की यह बाउंड्रीवॉल करीब 25 साल पुरानी थी। बाउंड्री वॉल जर्जर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि दीवार का पुनर्निर्माण करने के लिए मजदूरों को लगाया गया था। इस दीवार का निर्माण जलवायु विहार सहकारी आवास समिति ने करवाया था। मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य भी समिति ही करवा रही है। इसी दौरान मंगलवार की सुबह यह हादसा हुआ है। जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर दबे हैं। बताया जा रहा है कि 12 मजदूरों को गंभीर चोट लगी हैं। इन मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.